लॉकडाउन के दौरान होमगार्ड जवानों की नियुक्ति को लेकर विपक्ष ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि शराब, धान, रजिस्ट्री, पेपर लीक घोटाले के बाद अब हरियाणा में एक और घोटाला उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान होमगार्ड की भर्ती में घोटाला हुआ है।

गौर हो कि लॉकडाउन में हरियाणा सरकार ने होमगार्ड जवानों को कार्यमुक्त कर नई भर्तियों पर रोक लगाई थी लेकिन बावजूद इसके विभाग ने होमगार्ड के खाली पद भर लिए। इस संबंध में जब कई जिलों से शिकायतें सरकार के पास पहुंची तो इसका खुलासा हुआ।

 बहरहाल गृहमंत्री अनिल विज ने इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए स्टेट्स रिपोर्ट मांग ली है। गृह मंत्री का कहना है कि होमगार्ड भर्ती में धांधली की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती जवानों का ब्यौरा तलब कर लिया गया है। वहीं विज ने बताया कि होमगार्ड जवानों की भर्ती पर सरकार ने रोक लगाई हुई है।

बता दें कि सरकार होमगार्ड जवानों के वेतन में बढ़ोतरी कर चुकी है। ऐसे में बेरोजगार युवाओं में होमगार्ड लगने की होड़ है। होमगार्ड अधिकांश शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए ड्यूटी पर तैनात किए जाते हैं।

error: Content is protected !!