कोरोना के कारण पुनहाना में हुई पहली मौत।

पुनहाना कृष्ण आर्य

मृतक महिला का अंतिम संस्कार करते नगर पालिका पुनहाना के कर्मचारी

कोरोना बीमारी के कारण पुनहाना में एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृत्यु से 1 दिन पहले ही महिला में कोरोना के लक्षण पाए गए। जिन्हें इलाज के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शहर में कोरोना के कारण हुई पहली मौत से जहां शहर के लोगों में कोरोना से बचाव के प्रति चिंता बनी हुई है, वही लोग एहतियात बरतने लगे हैं। मृतक महिला का दाह संस्कार पुनहाना नगर पालिका प्रशासन की देखरेख में शहर के मोक्ष धाम में कराया गया।                     

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 5 निवासी निर्मला देवी पत्नी सुभाष चंद(58) पिछले कुछ दिनों से बीमार थी। वीरवार को उन्हें नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जो कि जांच में कोरोना पॉजिटिव पाई गई। जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद नल्हड़ मेडिकल प्रशासन द्वारा उनका उपचार शुरू किया गया। जिस में उपचार के दौरान निर्मला देवी की मौत हो गई। मौत का समाचार सुनते ही जहां परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। वही शहर में हड़कंप मच गया।

शुक्रवार दोपहर तक नल्हड़  मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा मृतक महिला निर्मला देवी का शव एंबुलेंस के माध्यम से पुनहाना के मोक्ष धाम में लाया गया। जहां नगर पालिका प्रशासन की देखरेख में महिला का अंतिम संस्कार कराया गया। अंतिम संस्कार के दौरान महिला के परिजन श्मशान घाट की बाउंड्री से बाहर दाह संस्कार को देखते रहे। परिजनों को अपने सदस्य की जाने का गम था, वहीं अंतिम बार मुख ना देख पाने व अंतिम क्रिया से दूर रहने का गम भी महिला के पति व उनके बच्चों को था। इसके अलावा परिवार के पड़ोसियों तथा मिलने वाले लोगों में भी पूरे दिन महिला की मौत की चर्चा रही और लोग कोरोना से बचने के उपाय पर आपस में चर्चा करते रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!