-हरियाली तीज को मनाया काली तीज के रूप में -सरकार का पुतला जलाकर जताया रोष

अशोक कुमार कौशिक

नारनौल। जिला महेंद्रगढ़ के सभी बर्खास्त पीटीआई अध्यापकों ने अपना क्रमिक अनशन 39वें दिन भी संघर्ष समिति के जिला प्रधान आशीष यादव के नेतृत्व में जारी रखा। आज स्थानीय महावीर चौक पर सरकार का पुतला जलाकर रोष जताया।

आज अनशन पर कुलदीप सेरावत  कमल सिंह, चेतन शर्मा और सुबे सिंह जी अनशन पर बैठे। मंच संचालन  महेश यादव ने किया। उन्होंने बताया की आज समस्त हरियाणा प्रदेश में सभी पीटीआई साथी हरियाली तीज को काली तीज के रूप में मनाने को मजबूर हैं क्योंकि तीज त्योहार तभी हंसी खुशी से मनाए जा सकते हैं। जब घर और समाज में खुशी का माहौल हो। परंतु जिस प्रदेश में राजनीतिक द्वेष के चलते सत्ता के नशे में चूर सत्ता धारियों द्वारा 1983 परिवारों में मातम का माहौल पैदा कर दिया गया हो उस प्रदेश में किसी भी तीज त्यौहार का कोई औचित्य नहीं रह जाता। 

किसान नेता मास्टर धर्मेंद्र सिंह ने धरने को संबोधित करते हुए इस सरकार को जनविरोधी सरकार बताते हुए कहा की आज प्रदेश का हर तबका छात्र मजदूर किसान व्यापारी कर्मचारी इस सरकार के तानाशाही रवैया से दुखी है और रोड पर आने के लिए मजबूर है। जिसका खामियाजा निश्चित रूप से सरकार को आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा। रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान पूर्णचंद्र ने संबोधित करते हुए सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की। पीटीआई साथियों के आंदोलन का पूर्ण समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आज त्यौहार के दिन जब हमारी बहनों को घर पर होना चाहिए था आज वो अनशन पर बैठने को मजबूर हैं इससे बुरी बात और क्या हो सकती है। कला अध्यापक संघ के जिला प्रधान  रमेश कुमार ने संबोधित करते हुए कहा की हरियाणा सरकार को अपनी हठधर्मिता को त्याग कर मानवता का परिचय देते हुए पीटीआई अध्यापकों की सेवा को पुनः बहाल करना चाहिए। इससे परदेस में अच्छा संदेश जाएगा और स्वस्थ समाज की स्थापना की जा सकेगी। तत्पश्चात सभी पीटीआई अध्यापकों ने अपने परिजनों सहित धरना स्थल से महावीर चौक तक सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए हरियाणा सरकार का पुतला दहन किया। 

इस मौके पर पीटीआई साथी सुलक्ष्णा के साथ आई उनकी सखी सुनीता देवी ने बहुत ही खेद प्रकट करते हुए कहा की आज के दिन सभी सखी सहेलियां इकट्ठे होकर तीज खेलने जाया करती हैं परंतु हरियाणा सरकार के दुर्भाग्यपूर्ण फैसले के कारण हमें धरने प्रदर्शन के लिए एकत्रित होना पड़ रहा है। मगर इससे वे हताश बिल्कुल नहीं है । अपनी सखियों को उनका रोजगार दिलाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। तत्पश्चात सभी पीटीआई साथी धरना स्थल पर लौट आए। 

धरना स्थल पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान कौशल कुमार और हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान रमेश कुमार ने आए हुए सभी साथियों का धन्यवाद किया। यह विश्वास दिलाया की जब तक सभी 1983 पीटीआई साथियों की सेवा पुनः बहाल नहीं हो जाती तब तक सर्व कर्मचारी संघ और हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ किसी भी त्यौहार को अपने घर पर नहीं मनाएगा। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव महेंद्र सिंह बोयत, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य सचिव धर्मपाल शर्मा, जिला सचिव दिनेश यादव, डिप्लोमा इंजीनियर के जिला प्रधान राजेश वर्मा, हसला के जिला प्रधान  प्रदीप यादव, पुरानी पेंशन बहाली के लिए लड़ाई लड़ रहे साथी सुरेंद्र सिंह तथा जिला महेंद्रगढ़ के सभी पीटीआई अपने परिजनों सहित उपस्थित रहे।फोटो-2 एनएनएल- सरकार का पुतला दहन करते कर्मचारी।

error: Content is protected !!