राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने भिवानी से किया रसोई से बगिया कार्यक्रम का शुभारंभ

प्रदेश के हर शहर में रसोई कचरे से बगिया बनाने वाले 100 मॉडल घर किए जा रहे तैयार

भिवानी/मुकेश वत्स

 पर्यावरण के बगैर न केवल वन्य जीवों, बल्कि मनुष्यों का जीवन भी संभव नहीं। इसी पर्यावरण को शुद्ध करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने सघन वन पांच सितारा पर्यावरण फ्रेंडली घर व प्लास्टिक मुक्ति अभियान चलाया है। इसी अभियान के तहत आज भिवानी में आरएसएस के प्रांतीय प्रचारक विजय ने रसोई की बगिया कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके तहत घर व रसोई में उत्पन्न होने वाले कचरे को डी-कम्पोज करके उसे बगिया बनाने के अभियान की शुरूआत की गई।

पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए गए अभियान के बारे में जानकारी देते हुए प्रांतीय प्रचारक विजय व पर्यावरण शाखा के प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष ने बताया कि रसोई की बगिया कार्यक्रम महाराष्ट्र में चलाया जा चुका है। आज से इसकी शुरूआत भिवानी से की गई है। इसके तहत घर में उत्पन्न गीले कचरे को डी-कम्पोज करके खाद के रूप में परिवर्तित कर उसे बगिया का निर्माण करना है, जिससे न केवल घर की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि कचरे का प्रबंधन व पर्यावरण भी स्वच्छ होता है। इसके साथ ही पांच सितारा घर बनाने के अभियान के तहत घर में बिजली, पानी की बचत करने व पक्षीघर बनाने तथा पांच पौधों की पंचवटी बनाने तथा रसोई की बगिया बनाने वाले घरों को मॉडल के रूप में तैयार किया जा रहा है।

भिवानी जिला में ऐसे 100 मॉडल घर तैयार किए जा रहे है। जिसके अभियान की शुरूआत आज से की गई। इसके बाद हरियाणा के सभी जिलों के प्रमुख शहरों में 100-100 घरों के ऐसे मॉडल भी तैयार किए जाएंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तहत पर्यावरण गतिविधियों के तहत तीन मुख्य गतिविधियों का आयोजन पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है, जिनमें ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध खाली स्थानों पर सघन वन रोपित करना, प्रदूषण का निवारण करने वाले पांच सितारा मॉडल घर का निर्माण करना व प्लास्टिक विमुक्ति के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!