पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट का कर चुके हैं नेतृत्व

गुरुग्राम। भाजपा के वरिष्ठ नेता जीएल शर्मा प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री ओपी धनखड़ को पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने पर उन्हें और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। शर्मा ने कहा कि ओमप्रकाश धनखड़ ऐसे नेता हैं जिन्हें सरकार और संगठन का खासा अनुभव है। पिछले करीब तीन दशक से सक्रिय राजनीति में रहकर धनखड़ ने पार्टी के लिए कई महत्वपूर्ण कार्ययोजनाओं की अमलीजामा पहनाया है।

प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट स्टेच्यु ऑफ यूनिटी के लिए उन्हें लोह – मिट्टी संग्रहण के लिए नेशनल को – ऑर्डिनेटर बनाया गया। हरियाणा के झज्जर जिले में 1961 को जन्में धनखड़ ने 11 साल तक शिक्षण कार्य भी किया। किसान परिवार में जन्में धनखड़ 1978 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ सामाजिक कार्यों मे लग गए। इसके बाद 1980 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से 18 साल तक जुड़े रहने के बाद 1996 में इन्होंने भाजपा में शामिल होकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा। इन्हें पार्टी का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर इनकी सक्रियता देखकर पार्टी ने इन्हें 2011 में किसान मोर्चा का राष्ट्रीय नेतृत्व सौंपा। जीएल शर्मा ने कहा कि 2011 से 2013 तक का कार्यकाल पूरा करने के बाद इन्हें पुनः पार्टी ने ये जिम्मेदारी सौंपी। 2015 तक इन्होंने भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर बेहतर कार्य किया।

जीएल शर्मा ने कहा कि 2014 में बादली विधानसभा से चुनाव जीतने के बाद उन्हें प्रदेश सरकार में कृषि, पंचायत, पशुपालन जैसे पांच अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिनका उन्होंने बखूबी निर्वहन किया। निश्चित ही ओमप्रकाश धनखड़ के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पार्टी को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। पार्टी की विस्तारवादी नीति को रफ्तार मिलेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेतृत्व का आभार जताया।

error: Content is protected !!