-जितिन अग्रवाल हो सकते है प्रधान
-चुनाव नियम अनुसार इस बैठक में नहीं होता है तो निर्वाचित पालिका को बिना किसी सूचना या आदेश के भंग माना जाएगा

अशोक कुमार कौशिक

नारनौल । मण्डी अटेली नगरपालिका के निर्वाचित पार्षदों में से प्रधान व उप प्रधान के निर्वाचन के लिए 4 जून को सुबह 11 बजे अटेली नगरपालिका कार्यालय में बैठक का आयोजन किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए एसडीएम मनीष फोगाट ने बताया कि नगरपालिका मण्डी अटेली के निर्वाचित 11 सदस्यों में से 5 पार्षदों को हरियाणा सरकार की अधिसूचना  क्रमांक 74-2020 एक जून द्वारा हटा दिया गया है। हटाये गये पार्षदों में वार्ड तीन से अश्विनी यादव, चार से संजय गोयल, सात से अजय कुमार, आठ से जितेन्दर तथा नौ से सुनीता देवी है। उन्होंने बताया  कि बाकी 6 पार्षदों में से प्रधान व उप प्रधान का चुनाव करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसमें  नगर पालिका अटेली के वार्ड नंबर एक से पार्षद विकास यादव (पूर्व प्रधान), वार्ड नंबर 2 से पार्षद अशोक कुमार,  वार्ड नंबर 5 की पार्षद स्नेहलता, वार्ड नंबर  6 से पार्षद जितिन कुमार अग्रवाल, वार्ड नंबर 10 की पार्षद सरोज शर्मा तथा वार्ड नंबर 11 की पार्षद प्रमिला देवी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसमें ये सभी पार्षद बैठक में निश्चित स्थान व समय पर हिस्सा लेना सुनिश्चित करें। बैठक में पार्षद चुनाव प्रमाण पत्र व आईडी प्रूफ साथ लेकर आएं।

फोगाट ने बताया कि इसमें क्षेत्र के विधायक सीताराम यादव व सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह को भी वोट डालने का अधिकार है।

 उन्होंने बताया कि हरियाणा नगर पालिका अधिनियम 1973 की धारा 18ए में संशोधित अधिनियम 2019 की धारा 18ए के बिंदु 4 के अनुसार प्रधान व उप प्रधान का चुनाव नियम अनुसार इस बैठक में नहीं होता है तो निर्वाचित पालिका को बिना किसी सूचना या आदेश के भंग माना जाएगा।

इसमें पालिका प्रधान पद के लिए दौड़ में जितिन अग्रवाल सबसे आगे चल रहे हैं। उनके पक्ष में अशोक जांगिड़, स्नेहलता व  सरोज शर्मा है। पूर्व प्रधान विकास यादव व प्रमिला दूसरे गुट से संबंध रखते हैं।

error: Content is protected !!