महिला सशक्तीकरण और महिला के नाम पर सत्ता सशक्तीकरण में बहुत बड़ा अंतर है : पर्ल चौधरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महिला आरक्षण के बदले परिसीमन के रूप में राजनीतिक दहेज क्यों मांग रही है भाजपा सरकार?

महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि पर हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने उठाए सवाल

चंडीगढ़/गुरुग्राम, 28 नवंबर 2026 – हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी ने सामाजिक क्रांति के महानायक एवं महिला शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले जी की 136वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए महिला आरक्षण के क्रियान्वयन में हो रही देरी को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर सवाल उठाए।

पर्ल चौधरी ने कहा कि 19वीं सदी में जब भारत अंग्रेजों की गुलामी, जाति व्यवस्था और पितृसत्तात्मक व्यवस्था की जंजीरों में जकड़ा हुआ था, तब महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले को शिक्षित कर उनके माध्यम से भारतीय नारी के लिए सम्मान, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के द्वार खोले। आज उनकी मृत्यु के 136 साल बाद देश अंग्रेजों की गुलामी से तो मुक्त हो चुका है, लेकिन महिलाओं की राजनीतिक समानता का संघर्ष अभी भी अधूरा है।

महिला आरक्षण के बदले राजनीतिक दहेज क्यों?

पर्ल चौधरी ने कहा कि सितंबर 2023 में नए संसद भवन में लगभग सर्वसम्मति से नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया गया था, लेकिन तीन वर्ष बाद भी महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिला है।

उन्होंने दहेज प्रथा का उदाहरण देते हुए कहा, “शादी 2023 में ही हो चुकी है, लेकिन गौना अभी तक नहीं हुआ है। भारतीय नारी का अपने राजनीतिक अधिकारों से मिलन परिसीमन की शर्त पर अटका हुआ है। क्या भाजपा सरकार महिला आरक्षण लागू करने के बदले देश के लोकतंत्र से परिसीमन विधेयक के रूप में राजनीतिक दहेज मांग रही है?”

उन्होंने सवाल किया कि वर्तमान 543 लोकसभा सीटों में ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने के लिए आवश्यक संवैधानिक संशोधन क्यों नहीं किया जा सकता और परिसीमन पर स्वतंत्र रूप से संसदीय चर्चा एवं निर्णय क्यों नहीं हो सकता?

उन्होंने कहा कि 19वीं सदी में भारतीय नारी की लड़ाई विद्यालयों में अपनी जगह बनाने के लिए थी, जबकि 21वीं सदी में उसकी लड़ाई संसद और विधानसभाओं में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए है।

इतिहास वर्तमान सरकार से भी सवाल पूछेगा

पर्ल चौधरी ने कहा, “इतिहास महात्मा ज्योतिबा फुले जैसे महान व्यक्तित्वों को सदैव याद रखेगा, जिन्होंने महिलाओं को शिक्षित, स्वतंत्र और सशक्त बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। लेकिन इतिहास वर्तमान भारतीय जनता पार्टी की सरकार से भी सवाल पूछेगा कि उसने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया या महिला सशक्तीकरण के नाम पर अपनी सत्ता को सशक्त बनाने की राजनीति की?”

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण और महिला के नाम पर सत्ता सशक्तीकरण में बहुत बड़ा अंतर है।

महात्मा ज्योतिबा फुले ने महिलाओं के अधिकारों के रास्ते से सामाजिक बेड़ियां हटाने का संघर्ष किया था। आज महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों के रास्ते से बाधाएं हटाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

“भारतीय नारी सत्ता साधने का साधन नहीं, सत्ता में बराबर की भागीदार है।”

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें