जाति-पाति की राजनीति नहीं, छत्तीस बिरादरी का सम्मान और सर्वसमाज का कल्याण हमारी प्रतिबद्धता : नायब सिंह सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

: सामाजिक समरसता हमारी सरकार की मूल भावना, सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के ‘बेगमपुरा’ के सपने को साकार कर रही डबल इंजन सरकार : मुख्यमंत्री

: संत-महापुरुष किसी एक जाति या वर्ग के नहीं, संपूर्ण मानवता के आदर्श हैं; उन्हें जातियों में बांटना उनकी महान शिक्षाओं के साथ अन्याय : नायब सिंह सैनी

: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ सामाजिक समानता और सर्वजन कल्याण का मूलमंत्र : मुख्यमंत्री

: सभी समाजों के संत-महापुरुष हमारे लिए समान रूप से पूजनीय, सामाजिक समरसता भाजपा की मूल विचारधारा : प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता

: छत्तीस बिरादरी का आपसी विश्वास और भाईचारा ही विकसित हरियाणा की मजबूत नींव, समरसता यात्रा ने दिया एकता का संदेश : विपुल गोयल

: फरीदाबाद में समरसता संकल्प यात्रा का भव्य अभिनंदन, मुख्यमंत्री की उपस्थिति में विशाल जनसभा; हरियाणा से उत्तर प्रदेश के लिए आगे बढ़ी यात्रा

फरीदाबाद, 28 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जाति-पाति की राजनीति करने के बजाय समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान एवं अवसर प्रदान करने की विचारधारा में विश्वास रखती है। सामाजिक समरसता हमारी सरकार की सोच, नीतियों और कार्यशैली की मूल भावना है। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने सदियों पहले जिस भेदभावमुक्त और समतामूलक समाज की कल्पना की थी, प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार उसी संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की छत्तीस बिरादरी का आपसी भाईचारा हमारी सबसे बड़ी ताकत है और सामाजिक एकता को मजबूत करते हुए सभी वर्गों के उत्थान के नए आयाम स्थापित करना सरकार की प्रतिबद्धता है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार को फरीदाबाद के सेक्टर-12 में सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा की विशाल अभिनंदन सभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व यात्रा का बदरपुर बॉर्डर पर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के उमरी में आयोजित विशाल जनसभा के बाद फरीदाबाद में भी यात्रा के हरियाणा से विदाई समारोह में सहभागिता की।

संत-महापुरुषों को जातियों में बांटना उनकी महान शिक्षाओं के साथ अन्याय : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत की महान संत परंपरा ने सदैव समाज को जोड़ने का कार्य किया है। संत-महापुरुष चाहे किसी भी जाति, वर्ग या समाज में जन्मे हों, वे संपूर्ण मानवता के लिए पूजनीय और आदरणीय हैं। उनके विचार किसी एक समाज की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की साझा धरोहर होते हैं।

उन्होंने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने उस समय समानता, मानवता और सामाजिक न्याय की अलख जगाई, जब समाज ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों से ग्रस्त था। उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने समाज को जन्म और जाति के आधार पर नहीं, बल्कि मानवीय गुणों, कर्म और आचरण के आधार पर व्यक्ति का सम्मान करने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की ‘बेगमपुरा’ की परिकल्पना ऐसे समाज का सपना है, जहां कोई दुखी, वंचित या भेदभाव का शिकार न हो और प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सके। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मूलमंत्र इसी समतामूलक सोच का आधुनिक एवं व्यावहारिक स्वरूप है।

सभी वर्गों के महापुरुषों का सम्मान और अंत्योदय सरकार का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने सभी समाजों के संतों, महापुरुषों और महान समाज सुधारकों की जयंती मनाने तथा उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। पूर्ववर्ती सरकारों के समय अनेक महापुरुषों के योगदान को वह व्यापक पहचान और सम्मान नहीं मिल सका, जिसके वे अधिकारी थे। हमारी सरकार संत-महापुरुषों की विरासत को सम्मान देने के साथ उनके आदर्शों को जनकल्याणकारी नीतियों का आधार बनाने के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्गों, गरीबों, वंचितों और जरूरतमंद परिवारों को शिक्षा, रोजगार, आवास, सामाजिक सुरक्षा तथा आर्थिक सशक्तीकरण के अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग का गठन तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।

मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के उमरी में लगभग 124 करोड़ रुपये की लागत से गुरु रविदास धाम के निर्माण और सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की 125 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धाम आने वाली पीढ़ियों के लिए श्रद्धा, प्रेरणा और सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

समरसता संकल्प यात्रा ने पूरे हरियाणा को दिया सामाजिक एकता का संदेश

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 18 नवंबर को पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से प्रारंभ हुई समरसता संकल्प यात्रा लगभग 2,402 किलोमीटर का सफर तय कर 3 दिसंबर को वाराणसी स्थित सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।

हरियाणा में 25, 26 और 28 नवंबर को मुख्य यात्रा आठ जिलों से गुजरी, जबकि शेष 15 जिलों से निकलने वाली उपयात्राओं के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी एक समाज तक सीमित नहीं है। यह सभी जातियों, वर्गों और समुदायों को प्रेम, समानता तथा आपसी विश्वास के सूत्र में पिरोने का अभियान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के प्रति सच्ची श्रद्धा तभी होगी, जब हम उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाकर सामाजिक भेदभाव समाप्त करने और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लें।

सभी संत-महापुरुष संपूर्ण समाज के लिए पूजनीय : प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलना भारतीय जनता पार्टी की मूल प्रतिबद्धता है। संत-महापुरुष चाहे किसी भी समाज से आते हों, वे हम सभी के लिए समान रूप से पूजनीय हैं। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने समाज को ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, प्रेम एवं मानवता का मार्ग दिखाया। सामाजिक समरसता भाजपा की मूल विचारधारा है और केंद्र एवं प्रदेश सरकार उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं।

छत्तीस बिरादरी की एकजुटता से ही साकार होगा समरस समाज : विपुल गोयल

हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के विचार किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता की अमूल्य विरासत हैं। समरसता संकल्प यात्रा ने हरियाणा की छत्तीस बिरादरी को आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान देना, सभी को साथ लेकर चलना और आपसी दूरियां समाप्त करना ही सच्ची सामाजिक समरसता है। उन्होंने यात्रा के फरीदाबाद आगमन को सामाजिक एकजुटता का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं, संत समाज और गणमान्य व्यक्तियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, हरियाणा सरकार के मंत्री श्री विपुल गोयल, श्री कृष्ण लाल पंवार, श्री कृष्ण बेदी, श्री राव नरबीर सिंह एवं श्री राजेश नागर, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री सत्यप्रकाश जरावता एवं श्री गोपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता दुग्गल, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. शिवेश कुमार राम तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय खुंडिया उपस्थित रहे।

इनके अतिरिक्त विधायक श्री मूलचंद शर्मा, श्री धनेश अदलखा, श्री सतीश फागना, श्री मुकेश शर्मा, श्रीमती विमला चौधरी, श्री तेजपाल तंवर, होडल विधायक श्री हरेंद्र रामरतन, दिल्ली के विधायक श्री गजेन्द्र यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल, पूर्व शिक्षा मंत्री श्रीमती सीमा त्रिखा, चेयरमैन श्री गुरनाम सैनी, श्री ओमप्रकाश एवं श्री यशपाल ठाकुर भी मौजूद रहे।

भाजपा संगठन की ओर से फरीदाबाद जिलाध्यक्ष श्री पंकज पूजन रामपाल, फरीदाबाद महानगर जिलाध्यक्ष श्री सोहनपाल सिंह, गुरुग्राम जिलाध्यक्ष श्री सर्वप्रिय त्यागी पिंटू, गुरुग्राम महानगर जिलाध्यक्ष श्री अजीत यादव, नूंह जिलाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र सिंह पिंटू, फरीदाबाद जिला प्रभारी श्रीमती लतिका शर्मा, फरीदाबाद-गुरुग्राम प्रभारी श्री संदीप जोशी, महानगर प्रभारी श्री राजकुमार वोहरा, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री रामेश्वर प्रजापति, पूर्व विधायक एवं प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष श्री नरेंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक श्री टेकचंद शर्मा, जिला महामंत्री श्री चौधरी प्रवीण गर्ग, श्री शोभित अरोड़ा, श्री कवीन्द्र फागना एवं श्री अनुराग गर्ग सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संत समाज की ओर से खेड़ी पुल रविदास मंदिर के स्वामी नारायणशानंद, बुद्ध विहार रविदास मंदिर के श्री सुरेन्द्र मंटो तथा सारन रविदास मंदिर के श्री कन्हैया लाल सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता तथा सर्वसमाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें