हर राज्य में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव, परिसीमन आयोग तय करेगा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें
नई दिल्ली, 28 नवंबर। लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें बढ़ाने का केंद्र सरकार का प्रस्ताव पारित हुआ तो हरियाणा को पांच अतिरिक्त सांसद और 45 अतिरिक्त विधायक मिलेंगे। प्रदेश में लोकसभा सीटें 10 से बढ़कर 15 और विधानसभा सीटें 90 से बढ़कर 135 हो जाएंगी। एक-तिहाई महिला आरक्षण लागू होने पर इनमें लोकसभा की पांच और विधानसभा की 45 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसदीय बैठकों में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश करने की तैयारी में है।
ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि हरियाणा में संभावित नए लोकसभा क्षेत्रों को लेकर पलवल, झज्जर, जींद, रेवाड़ी और फतेहाबाद के नाम चर्चा में हैं। इन नामों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। प्रस्तावित विधेयक में सीटें बढ़ाने का अनुपात दिया गया है। नए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं खींचने और महिलाओं के लिए आरक्षित क्षेत्रों की पहचान करने का काम परिसीमन आयोग करेगा।
आयोग की चर्चा में हर राज्य से पांच सांसद और पांच विधायक
प्रस्ताव के अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय के कार्यरत या सेवानिवृत्त न्यायाधीश आयोग की अध्यक्षता करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त या उनके नामित निर्वाचन आयुक्त और संबंधित राज्य के निर्वाचन आयुक्त भी आयोग के सदस्य होंगे। प्रत्येक राज्य से लोकसभा अध्यक्ष पांच सांसदों और विधानसभा अध्यक्ष पांच विधायकों को सहयोगी सदस्य नामित करेंगे। ये सदस्य बैठकों में अपने क्षेत्र का पक्ष रख सकेंगे। उन्हें मतदान करने या आयोग के अंतिम निर्णय पर हस्ताक्षर करने का अधिकार नहीं होगा। आयोग का कार्यकाल केंद्र सरकार तय करेगी।
निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़े इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है। राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे में 1971 की जनगणना पर आधारित मौजूदा हिस्सेदारी मोटे तौर पर बनी रहेगी। विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 रखने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों की गुंजाइश होगी। राज्य विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। नए परिसीमन से तय सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों की व्यवस्था 2051 तक कायम रहेगी। I
पहले परिसीमन के बाद लागू होगा महिला आरक्षण
प्रस्तावित संशोधन के तहत पहला परिसीमन पूरा होने के बाद महिला आरक्षण लागू होगा। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए सीटें उन्हीं वर्गों के आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में से तय होंगी। आरक्षण की 15 वर्ष की अवधि की गणना 2023 के संविधान संशोधन के लागू होने की तारीख से होगी। संसद कानून बनाकर यह अवधि बढ़ा सकेगी। आरक्षित सीटें किस क्रम से बदलेंगी, इसकी व्यवस्था भी संसद कानून से तय करेगी।
इससे पहले 17 अप्रैल को पेश संविधान संशोधन विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 मत पड़े थे। उस दिन मतदान करने वाले 528 सदस्यों के आधार पर विधेयक को 352 मत चाहिए थे। वह 54 मतों से चूक गया था। इस बार यदि 538 सदस्य मतदान करते हैं तो दो-तिहाई बहुमत के लिए 359 मत चाहिए होंगे। वास्तविक आंकड़ा मतदान में भाग लेने वाले सदस्यों की संख्या पर निर्भर करेगा। इसके साथ ही सदन की कुल सदस्य संख्या के बहुमत की संवैधानिक शर्त भी पूरी करनी होगी।









