कार्टरपुरी में श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन बेला पारिक दीदी ने सुनाई श्रीकृष्ण की गोचारण लीला, 108 कुण्डीय महायज्ञ की पूर्णाहुति 24 नवम्बर को
गुरुग्राम, 20 नवम्बर। कार्टरपुरी स्थित कामधेनु धाम गौशाला में श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के चौथे दिन कथा व्यास आचार्य अमरेन्द्र दास ने राजा भरत और मृग शावक का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि नदी में बहते शावक को बचाना राजा की करुणा थी। साधना में बाधा तब आई जब शावक की चिन्ता उनके मन पर इस कदर छा गई कि पूजा और ध्यान के समय भी वे उसी के बारे में सोचते रहे।
आचार्य ने बताया कि राजा भरत राजपाट त्यागकर पुलहाश्रम में रहने लगे थे। वहाँ वे प्रतिदिन भगवान शालग्राम की पूजा करते थे। एक दिन उन्होंने नदी में बहते एक अनाथ मृग शावक को बचाया और उसकी देखभाल करने लगे। धीरे-धीरे उनका सारा समय उसी की चिन्ता में बीतने लगा। राजा की इस दशा को आचार्य ने लोककहावत से समझाया, “आए थे हरि भजन को, ओटन लगे कपास।”
कथा के अनुसार, अन्त समय में भी राजा भरत को उसी शावक का स्मरण रहा और अगले जन्म में उन्हें मृग योनि मिली। पूर्व जन्म की स्मृति बनी रहने से उन्हें अपनी आसक्ति पर पश्चाताप हुआ। इसके बाद ब्राह्मण कुल में जन्म लेने पर उन्होंने सांसारिक मोह से बचने के लिए मौन धारण किया और जड़वत व्यवहार करने लगे। इसी कारण वे जड़भरत कहलाए। आचार्य ने श्रद्धालुओं को भगवान का स्मरण करते हुए निष्काम भाव से अपने दायित्व निभाने की सीख दी।
दूसरी व्यासपीठ से विदुषी बेला पारिक दीदी ने भगवान श्रीकृष्ण की गोचारण लीला और गोवर्धन धारण का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि गायों के प्रति श्रीकृष्ण का स्नेह उनकी गोचारण लीला में दिखाई देता है। उन्होंने गौसेवा को करुणा, धर्म और मानवता की अभिव्यक्ति बताया।
महोत्सव के मीडिया प्रभारी पण्डित अमर चन्द भारद्वाज ने बताया कि देश की सुख-शान्ति और समृद्धि की कामना से गौशाला में प्रतिदिन प्रातः 10 से 11 बजे तक 108 कुण्डीय वैदिक महायज्ञ हो रहा है। मथुरा-वृन्दावन और काशी से आए विद्वान ब्राह्मणों ने सवा करोड़ सुरभि मंत्रों से आहुतियाँ अर्पित करने का संकल्प लिया है। पूर्णाहुति 24 नवम्बर को प्रातः 10 बजे होगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं को इसमें सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया है।
इस अवसर पर कामधेनु धाम गौशाला के अध्यक्ष पूरन यादव लोहचब, संगेल गौशाला के संचालक स्वामी प्रभाती लाल, स्वामी पूर्णानन्द महाराज, पुरुषोत्तम दास सोनी, बलजीत यादव, हीरालाल, सुभाष सोनी, उदय प्रकाश बालिया, जयदेव, जयपुर से मनोज गोयल, तक्षशिला निवासी कल्याण संघ के अध्यक्ष राम निवास कटारिया, महासचिव संजय मलिक, संस्कृत भारती हरियाणा न्यास के प्रान्तीय मंत्री प्रमोद शास्त्री और विभाग संयोजक प्रवेश कौशिक सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।








