12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति अवेयरनेस करने पर विशेष ध्यान
गुरुग्राम, 20 नवंबर- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की डीएडब्ल्यूएन (ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया) स्कीम, 2025 के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम द्वारा 14 से 27 नवंबर 2026 तक विशेष पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए के अध्यक्ष नरेन्द्र सुरा के मार्गदर्शन तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं डीएलएसए की सचिव निशा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें उचित सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इस अभियान में विशेष रूप से 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति अवेयरनेस करने पर ध्यान दिया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा जरूरतमंद बच्चों को समय पर उचित सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराना है।
अभियान के तहत डीएलएसए गुरुग्राम द्वारा विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा सामुदायिक क्षेत्रों में बच्चों की आयु के अनुरूप विधिक अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को नशे से दूर रहने, नशे के शुरुआती संकेतों की पहचान करने तथा आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी भय या संकोच के सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत अभिभावकों, शिक्षकों एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) को भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे बच्चों में नशे से जुड़ी समस्याओं के शुरुआती संकेतों को पहचान सकें और जरूरत पड़ने पर उन्हें उचित परामर्श, सहायता एवं उपचार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विशेषज्ञों और संस्थानों से जोड़ सकें। इस पूरी प्रक्रिया में बच्चों की पहचान और व्यक्तिगत जानकारी को गोपनीय रखने का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, विद्यालय न जाने वाले बच्चों तक पहुंच बनाकर उन्हें भी अवेयरनेस एवं सहायता सेवाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नशे की समस्या से प्रभावित बच्चों और परिवारों के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने तथा उन्हें बिना किसी भेदभाव के सहयोग और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
डीएलएसए द्वारा जरूरतमंद बच्चों के लिए काउंसलिंग, विधिक सहायता, उपचार एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि बच्चों को निरंतर सहयोग मिल सके और उनकी शिक्षा एवं सामाजिक पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके।
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नशा मुक्त भारत अभियान तथा डीएडब्ल्यूएन स्कीम से संबंधित अवेयरनेस वीडियो, संदेश एवं ‘तुम मत गिरना’ शीर्षक से जारी अभियान गीत का भी विभिन्न माध्यमों से प्रचार किया जा रहा है।
डीएलएसए गुरुग्राम ने आमजन, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि बच्चों को नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में सभी अपना योगदान दे सकें। विधिक सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।








