मेटा के कार्यालय पर हरियाणा युवा कांग्रेस ने जड़ा ताला, निशित कटारिया बोले – भाजपा के इशारे पर लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश अब बर्दाश्त नहीं होगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस ने सभी लोगों को किया डिटेन, बाद में छोड़ा

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के Instagram अकाउंट बंद किए जाने के विरोध में हरियाणा युवा कांग्रेस का आक्रामक प्रदर्शन, मेटा की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल।

गुरुग्राम। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब एवं राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के Instagram अकाउंट बंद किए जाने के विरोध में हरियाणा युवा कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में मेटा के कार्यालय पर ताला जड़कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान युवा कांग्रेस ने मेटा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे विपक्ष की आवाज दबाने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को प्रभावित करने वाला गंभीर मामला बताया। इस दौरान स्थानीय थाना पुलिस ने कांग्रेसियों को डिटेन कर लिया। बाद में सभी को छोड़ा गया।

प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि आज देश में एक अजीब स्थिति पैदा की जा रही है। जो भी सरकार से सवाल पूछता है, जो भी युवाओं के रोजगार, महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता के मुद्दों पर आवाज उठाता है, उसकी आवाज को दबाने के प्रयास किए जाते हैं। अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी इस तरह की कार्रवाई करेंगे तो लोकतंत्र में जनता अपनी बात कहां रखेगी?

उन्होंने सवाल किया कि आखिर मेटा ने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के Instagram अकाउंट किसके आदेश पर बंद किए? क्या मेटा किसी राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है? यदि कार्रवाई किसी नियम के तहत हुई है तो उसके स्पष्ट कारण सार्वजनिक किए जाएं। देश को यह जानने का अधिकार है कि आखिर विपक्ष की आवाज पर बार-बार कार्रवाई क्यों हो रही है।

निशित कटारिया ने आरोप लगाया कि भारतीय युवा कांग्रेस और विभिन्न प्रदेशों के युवा कांग्रेस सोशल मीडिया पेजों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। सरकार और भाजपा की नीतियों की आलोचना करने वाले पोस्ट हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। कई बार एक साथ 10-15 पोस्ट तक डिलीट कर दिए जाते हैं। सवाल यह है कि क्या सोशल मीडिया पर केवल सत्ता पक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार है? क्या विपक्ष को सरकार की गलत नीतियों पर सवाल उठाने की आजादी नहीं है?

उन्होंने कहा कि मेटा भारत में कारोबार करने वाली एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी है। उसका दायित्व एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी डिजिटल मंच उपलब्ध करवाना है। उसे किसी भी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में खड़े होने के बजाय अपने नियमों का निष्पक्ष पालन करना चाहिए। भाजपा नेताओं के अकाउंट और विपक्षी नेताओं के अकाउंट के साथ होने वाले व्यवहार में कोई अंतर है तो मेटा को उसका जवाब देना चाहिए।

संविधान से ऊपर कोई कंपनी नहीं!

निशित कटारिया ने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 19(1)(a) प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है। लोकतंत्र में सरकार की आलोचना करना, सवाल पूछना और जनता के मुद्दे उठाना नागरिकों का अधिकार है। किसी भी सोशल मीडिया कंपनी को मनमाने तरीके से इस अधिकार को प्रभावित करने की छूट नहीं दी जा सकती। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कानूनी सीमाएं जरूर हैं, लेकिन उन सीमाओं के नाम पर चयनात्मक कार्रवाई और अपारदर्शिता स्वीकार नहीं की जा सकती।

उन्होंने मेटा से मांग की कि उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के अकाउंट बंद किए जाने के कारण सार्वजनिक किए जाएं, कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी दी जाए, हटाए गए पोस्ट का स्पष्ट विवरण दिया जाए और प्रभावित अकाउंट्स को निष्पक्ष अपील का अवसर प्रदान किया जाए।

सड़क से अदालत तक जारी रहेगी लड़ाई!

निशित कटारिया ने कहा कि यह संघर्ष किसी दो नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट तक सीमित नहीं है। यह देश के करोड़ों युवाओं, स्वतंत्र पत्रकारों, विपक्षी आवाजों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखने वाले हर नागरिक के अधिकारों की लड़ाई है। महात्मा गांधी की धरती पर हम शांतिपूर्ण विरोध में विश्वास रखते हैं और शहीद भगत सिंह के साहस से प्रेरणा लेते हैं। हम न डरेंगे, न झुकेंगे और न ही अन्याय के सामने खामोश रहेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मेटा ने इस मामले में पारदर्शी जवाब नहीं दिया और कथित भेदभावपूर्ण कार्रवाई पर रोक नहीं लगाई, तो हरियाणा युवा कांग्रेस अपना लोकतांत्रिक विरोध और तेज करेगी। मेटा के खिलाफ उपलब्ध सभी कानूनी विकल्पों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

निशित कटारिया ने कहा कि सत्ता के सामने सवाल उठाने वाली आवाज को दबाया जा सकता है, लेकिन उसकी सोच और संघर्ष को खत्म नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र में सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होती है, सोशल मीडिया कंपनियां किसी राजनीतिक दल की निजी जागीर नहीं हैं।

मेटा को जवाब देना होगा – आखिर विपक्ष की आवाज से इतना डर क्यों?

हरियाणा युवा कांग्रेस का संकल्प स्पष्ट है – संविधान की रक्षा, अभिव्यक्ति की आजादी और जनता की आवाज के लिए संघर्ष अंतिम सांस तक जारी रहेगा।

इस प्रदर्शन में मुख्य तौर पर मौजूद रहे अभिषेक यादव (जिला अध्यक्ष, गुड़गांव), अमरजीत गुर्जर (जिला अध्यक्ष, गुड़गांव ग्रामीण), मोहित तंवर (जिला उपाध्यक्ष), गौतम यादव (जिला उपाध्यक्ष), करुण तंवर, ओजस्वी व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें