वानप्रस्थ ने नई राहें स्कूल के 170 बच्चों को दीं गर्म जर्सियाँ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बच्चों को खेल सामग्री भी भेंट की, सप्ताह में एक-दो बार विज्ञान, गणित और अंग्रेज़ी पढ़ाने आएँगे क्लब के सदस्य

हिसार। वानप्रस्थ सीनियर सिटीज़न्स क्लब ने नई राहें स्कूल के 170 बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म जर्सियाँ वितरित कीं। सुनीता बहल और डॉ. एस. एम. बहल के सौजन्य से बच्चों को खेल सामग्री भी भेंट की गई। क्लब के महासचिव डॉ. जे. के. डांग ने बताया कि सदस्य सप्ताह में एक-दो बार स्कूल आकर बच्चों को विज्ञान, गणित और अंग्रेज़ी पढ़ाने में भी सहयोग करेंगे।

डॉ. डांग ने कहा कि स्कूल में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। सर्दी के दिनों में उनकी पढ़ाई नियमित चलती रहे, इसी उद्देश्य से क्लब ने जर्सियाँ देने का निर्णय लिया। उन्होंने यूकेजी से पाँचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था करने पर स्कूल के निदेशक जगदीप भार्गव और अध्यक्ष मंजुला वासुदेव के प्रयासों की सराहना की।

जगदीप भार्गव ने बताया कि संस्था पिछले 14 वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दे रही है। एक बच्चे की शिक्षा और देखभाल पर सालाना करीब 10 हजार रुपये खर्च होते हैं। उनके अनुसार, स्कूल के कई पूर्व विद्यार्थी आज उच्च पदों पर हैं। भार्गव ने क्लब का आभार जताते हुए कहा कि अतिरिक्त कक्षाओं से बच्चों को तीनों विषयों की समझ मजबूत करने में मदद मिलेगी।

क्लब के सदस्यों ने बच्चों के व्यवहार, अनुशासन और समय की पाबंदी की प्रशंसा की। उन्होंने स्कूल के संचालन में अध्यापिकाओं के योगदान को भी सराहा। कार्यक्रम में शिक्षिकाएँ सुनीता, वीना, कुसुम, संगीता, सुनीता यादव, अमनप्रीत, अंजू, कोमल, गरिमा, प्रगति और प्रियंका उपस्थित रहीं।

क्लब की ओर से डॉ. रमेश हुड्डा, योगेश सुनेजा, डॉ. अजीत कुकड़ेजा, डॉ. एस. एम. बहल, सुनीता बहल, डॉ. पुष्पा खरब, डॉ. कमलेश कुकड़ेजा, डॉ. नीलम परुथी, डॉ. सुनीता सुनेजा, डॉ. उमा आहूजा और श्याम गोसाईं मौजूद रहे। डॉ. डांग ने सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। जलपान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें