हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष फूल चंद मुलाना का निधन, संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने दी श्रद्धांजलि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चार बार मुलाना विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया, 2007 से 2014 तक संभाली प्रदेश कांग्रेस की कमान

चंडीगढ़, 20 नवंबर। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का निधन हो गया। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मुलाना को उनकी सादगी, संगठन की समझ और जनसेवा के लिए याद किया जाएगा।

संजय दत्त ने अपने शोक संदेश में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मुलाना ने अपने अनुभव और सूझबूझ से संगठन को मजबूत किया। उनके साथ काम करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनसे राजनीति और संगठन की बारीकियां सीखने का अवसर मिला।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चौधरी फूल चंद मुलाना ने चार बार विधायक के रूप में मुलाना विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी। हरियाणा सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने शिक्षा, राजस्व, लोक निर्माण, वन और तकनीकी शिक्षा विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2005 में राजनीति और समाजसेवा में उनके योगदान के लिए उन्हें ‘हरियाणा रत्न’ सम्मान मिला।

दोनों नेताओं ने मुलाना के पुत्र एवं सांसद वरुण चौधरी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें