एसजीटी विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय तकनीकी महोत्सव का नौवां छात्र संस्करण संपन्न, विजेता सम्मानित
भारत ने दुनिया को गंभीर बीमारियों के किफायती इलाज की राह दिखाई, बोले डॉ. श्रीनिवास लंका

गुरुग्राम, 20 नवंबर। एसजीटी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को ‘सिनर्जी टेक फेस्ट 2026’ का समापन हुआ। तीन दिन चले महोत्सव के नौवें छात्र संस्करण में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने 170 से अधिक परियोजनाएं प्रदर्शित कीं। गुरुग्राम, रोहतक और दिल्ली के शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी महोत्सव में शामिल हुए। समापन समारोह में अतिथियों और विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने विजेताओं को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि एवं सीएसआईआर-आईएमटेक अनुसंधान परिषद के सदस्य डॉ. श्रीनिवास लंका ने कहा कि भारत ने सीमित संसाधनों के बावजूद दुनिया को गंभीर बीमारियों के किफायती और प्रभावी इलाज की राह दिखाई है। उन्होंने गोरखपुर में मस्तिष्क ज्वर, टाइफाइड और अफ्रीकी देशों में एड्स से निपटने के प्रयासों का उल्लेख किया। डॉ. लंका ने कहा कि दवाओं की ऊंची कीमत आज भी मरीजों के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि योजना को सस्ती दवाएं लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
टेक महिंद्रा के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी और सर्वम एआई के निदेशक संजय कालरा ने विद्यार्थियों को परियोजना चुनने की कसौटी सुझाई। उन्होंने कहा कि पहले अपने आसपास की कोई वास्तविक समस्या चुनें, समझें कि वह क्यों पैदा होती है और फिर चरणबद्ध ढंग से उसका हल तलाशें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि दूसरे उनके बारे में क्या सोचते हैं, इसकी चिंता छोड़कर वे अपना ध्यान इस बात पर लगाएं कि काम कैसे पूरा होगा।
प्रसार भारती के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नवनीत कुमार सहगल ने कहा कि महोत्सव विद्यार्थियों को अपने विचारों को परियोजनाओं का रूप देने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि तकनीक के क्षेत्र में दूसरे देशों पर भारत की निर्भरता कम करना बड़ी चुनौती है। इस संदर्भ में उन्होंने देश में नए उद्यमों के लिए उपलब्ध अवसरों का भी उल्लेख किया।
कुलपति प्रो. अनिल कुमार कौल ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में कुलाधिपति पद्मभूषण राम बहादुर राय और प्रधानमंत्री के ओलंपिक कार्यबल के सदस्य रहे राजेश कालरा भी उपस्थित थे। प्रति-कुलपति एवं महोत्सव के अध्यक्ष प्रो. अतुल नासा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इन शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी हुए शामिल
गुरुग्राम से रोजलैंड पब्लिक स्कूल, शिशु कल्याण स्कूल, एस.डी. बॉयज स्कूल, सिधरावली के राव लाल सिंह पब्लिक स्कूल और सोहना के जी.डी. गोयनका विश्वविद्यालय के विद्यार्थी पहुंचे। रोहतक के मॉडल स्कूल ने भी भाग लिया। दिल्ली से करोल बाग के भाई जोगा सिंह पब्लिक स्कूल, नारायणा विहार के ज्ञान मंदिर पब्लिक स्कूल, सरोजिनी नगर के विनय नगर स्कूल, पीतमपुरा के गुरु नानक पब्लिक स्कूल, द्वारका सेक्टर-12 के बाल भवन इंटरनेशनल स्कूल और यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए।
,









