मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में वित्त एवं संविदा समिति की 11वीं बैठक आयोजित, निगमायुक्त डॉ. पंकज भी रहे उपस्थित
सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग के दो प्लांट, 16 रोड वॉशर और 10 एंटी-स्मॉग गन की खरीद के प्रस्ताव स्वीकृत
शहर के विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइटों के संचालन एवं रखरखाव और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को भी मिलेगा बढ़ावा
गुरुग्राम, 17 नवंबर। गुरुग्राम में विकास कार्यों को गति देने, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने तथा नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में वित्त एवं संविदा समिति (एफएंडसीसी) की 11वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, पार्षद सुंदर सिंह व आशीष गुप्ता, निगमायुक्त डॉ. पंकज, अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका व चीफ इंजीनियर विजय ढाका, निगम सचिव डॉ सिद्धार्थ खंडेलवाल सहित अधीक्षक अभियंता और कार्यकारी अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े 14 प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति ने कुल 61 करोड़ 10 लाख 53 हजार रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की। स्वीकृत प्रस्तावों में कचरा प्रबंधन, सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग, सड़क सफाई एवं धूल नियंत्रण, एंटी-स्मॉग गन, स्ट्रीट लाइटों के संचालन एवं रखरखाव तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से संबंधित महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मिलेगा मजबूत आधार
समिति ने हीरो होंडा चौक के पास एनएच 48 पर सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट विकसित करने के लिए 3 करोड़ 53 लाख 20 हजार रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके अतिरिक्त, जोन-5 में बेरी वाला बाग के पास डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के लिए पार्किंग एवं चार्जिंग स्टेशन विकसित करने हेतु 3 करोड़ 93 लाख 53 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। इन परियोजनाओं से कचरा संग्रहण एवं प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली के संचालन को अधिक व्यवस्थित करने में सहायता मिलेगी।
सीएंडडी वेस्ट के वैज्ञानिक प्रसंस्करण के लिए दो प्लांटों को मंजूरी
निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के उचित प्रबंधन की दिशा में समिति ने दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी। बायोडायवर्सिटी पार्क में मोबाइल सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना के लिए 6 करोड़ 64 लाख 20 हजार रुपये तथा वजीराबाद में सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने के लिए 6 करोड़ 64 लाख 20 हजार रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे के व्यवस्थित प्रसंस्करण को बढ़ावा देना और उसके बेहतर प्रबंधन की व्यवस्था विकसित करना है।
धूल नियंत्रण के लिए 16 रोड वॉशर और 10 एंटी-स्मॉग गन की मंजूरी
शहर में सड़कों की सफाई और धूल नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए समिति ने 10 हजार लीटर क्षमता वाले 16 ट्रक माउंटेड रोड वॉशर की खरीद के प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें क्लस्टर-1 के लिए 8 रोड वॉशर हेतु 4 करोड़ 39 लाख 20 हजार रुपये तथा क्लस्टर-2 के लिए 8 रोड वॉशर हेतु 4 करोड़ 39 लाख 20 हजार रुपये स्वीकृत किए गए।
इसके अतिरिक्त, 10 हजार लीटर क्षमता वाले वाटर स्प्रिंकलर सिस्टम से युक्त 10 ट्रक माउंटेड एंटी-स्मॉग गन की खरीद को भी मंजूरी दी गई। क्लस्टर-1 और क्लस्टर-2 के लिए पांच-पांच मशीनों के प्रस्ताव पर 2 करोड़ 72 लाख 50 हजार रुपये प्रति क्लस्टर स्वीकृत किए गए। इन आधुनिक मशीनों के माध्यम से सड़कों की धुलाई, धूल को नियंत्रित करने और वायु प्रदूषण कम करने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइटों के संचालन एवं रखरखाव को मंजूरी
शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समिति ने विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइटों के संचालन एवं रखरखाव से संबंधित छह प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। इनमें जोन-4 के वार्ड 1, 2, 3, 4, 35 एवं 36 के लिए 4 करोड़ 81 लाख रुपये, जोन-5 के वार्ड 12, 13, 25, 26, 27 एवं 31 के लिए 4 करोड़ 23 लाख रुपये तथा जोन-6 के वार्ड 19, 20, 21, 22, 23 एवं 24 के लिए 2 करोड़ 87 लाख रुपये शामिल हैं।
इसी प्रकार जोन-3 के वार्ड 5, 6, 7, 9, 33 एवं 34 के लिए 4 करोड़ 49 लाख रुपये, जोन-2 के वार्ड 8, 10, 28, 29, 30 एवं 32 के लिए दो वर्षों हेतु 4 करोड़ 44 लाख रुपये तथा वार्ड 11, 14, 15, 16, 17 एवं 18 के लिए दो वर्षों हेतु 5 करोड़ 28 लाख रुपये के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। इन प्रस्तावों से संबंधित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
विकास कार्यों के साथ नागरिक सुविधाओं को मिले प्राथमिकता
मेयर एवं समिति की अध्यक्ष राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यहां नागरिकों की बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं को लगातार मजबूत करना जरूरी है। स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, धूल एवं प्रदूषण नियंत्रण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शहर के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। हमारा प्रयास है कि विकास कार्यों की योजना बनाते समय नागरिकों की सुविधा और शहर के भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए।
स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर गुरुग्राम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला व डिप्टी मेयर अनूप सिंह ने कहा कि वित्त एवं संविदा समिति की बैठक में स्वीकृत प्रस्ताव शहर की प्रमुख नागरिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई विकास योजनाओं का हिस्सा हैं। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से कचरा प्रबंधन, निर्माण मलबे के निस्तारण, सड़क सफाई, धूल नियंत्रण और सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलने की उम्मीद है। नगर निगम गुरुग्राम का लक्ष्य आधुनिक शहरी सुविधाओं, बेहतर स्वच्छता व्यवस्था और प्रभावी प्रदूषण नियंत्रण उपायों के माध्यम से गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक शहर बनाना है।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा जोर
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य गुरुग्राम में आधुनिक एवं प्रभावी शहरी सुविधाओं का विकास करना है। स्वीकृत प्रस्तावों के माध्यम से कचरा प्रबंधन, सीएंडडी वेस्ट के प्रसंस्करण, सड़क सफाई, धूल नियंत्रण और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। संबंधित अधिकारियों को चाहिए कि स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित प्रक्रियाओं, गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें, ताकि इन योजनाओं का लाभ शहरवासियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।









