भवन निर्माण कारीगर मजदूर यूनियन ने वरिष्ठ उपमहापौर धर्मबीर भांगरोला को सौंपा मांगपत्र; समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

गुरुग्राम, 15 नवंबर। धनकोट एन्क्लेव में सीवर, पेयजल और सफाई की समस्याओं के समाधान तथा कॉलोनी को नियमित करने की मांग को लेकर रविवार को भवन निर्माण कारीगर मजदूर यूनियन और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम के वरिष्ठ उपमहापौर धर्मबीर भांगरोला को मांगपत्र सौंपा। कॉलोनी पहुंचे भांगरोला का स्वागत करते हुए यूनियन के जिला सचिव हेमराज ने उन्हें क्षेत्रवासियों की परेशानियों से अवगत कराया।
अखिल भारतीय संयुक्त ट्रेड यूनियन केंद्र से संबद्ध यूनियन के जिला सचिव हेमराज ने कहा कि कॉलोनी में सीवर लाइन नहीं होने से घरों का गंदा पानी गलियों में जमा रहता है। इससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है और बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है। पेयजल पाइपलाइन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण निवासियों को स्वच्छ पानी जुटाने में कठिनाइयों के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है।
मांगपत्र में नियमित सफाई नहीं होने और जगह-जगह गंदगी जमा रहने की समस्या भी उठाई गई। निवासियों ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र के समुचित विकास के लिए वर्षों से लंबित कॉलोनी को नियमित करने की मांग पर भी शीघ्र कार्रवाई की जाए।
हेमराज ने बताया कि इन समस्याओं से प्रशासन और संबंधित मंत्रियों को पहले भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक धरातल पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और निगम प्रशासन से समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
यूनियन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मांगपत्र प्राप्त करने के बाद वरिष्ठ उपमहापौर धर्मबीर भांगरोला ने निवासियों की समस्याएं सुनीं और जनहित में जल्द संबंधित कार्य करवाने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में हेमराज के साथ भोलानाथ यादव, जगन्नाथ कुशवाहा, अमित कुमार शर्मा, संजय कुमार, सुखबीर, जितेंद्र, रमेश गोठवाल, प्रमोद कुमार सहित अन्य स्थानीय निवासी मौजूद रहे।









