: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने गुरुग्राम महानगर के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित
: ‘संगठन गढ़े चलो, सुपथ पर बढ़े चलो’ के मंत्र के साथ संगठन के विस्तार और सशक्तिकरण पर दिया जोर
: सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से किया आह्वान
: हवन-यज्ञ एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गुरुग्राम महानगर भाजपा जिला कार्यालय का किया शुभारंभ

गुरुग्राम, 15 नवंबर। भाजपा हरियाणा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित, निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण से ही पार्टी की विचारधारा तथा जनसेवा का संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘संगठन गढ़े चलो, सुपथ पर बढ़े चलो’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग से निरंतर संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
रविवार को गुरुग्राम में आयोजित भाजपा महानगर के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों तथा उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय और जनसेवा’ भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक पहचान और संगठन की कार्यसंस्कृति का मूल आधार है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इसी भावना के साथ समाज के बीच कार्य करता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल पदाधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यकर्ता जितना अधिक जनता के बीच सक्रिय रहेगा, संगठन उतना ही अधिक सशक्त होगा।
प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आमजन से निरंतर संपर्क बनाए रखें, समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ें और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार और सशक्तिकरण एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। संगठनात्मक एकजुटता, आपसी समन्वय और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
गुरुग्राम महानगर भाजपा जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने हवन-यज्ञ में आहुति अर्पित कर किया कार्यालय का शुभारंभ

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ता सम्मेलन से पूर्व भाजपा कार्यालय ‘गुरु-कमल’ के द्वितीय तल पर स्थापित गुरुग्राम महानगर भाजपा जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने हवन-यज्ञ में आहुति अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा संगठन की मजबूती और जनकल्याण की मंगलकामना की।
इस अवसर पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यालय केवल बैठकों और प्रशासनिक गतिविधियों का स्थान नहीं, बल्कि संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं के बीच संवाद, विचार-विमर्श, योजना निर्माण और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण केंद्र होता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नया कार्यालय गुरुग्राम महानगर में संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यालय के माध्यम से संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ कार्यकर्ताओं तथा आमजन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, वेद फुल्लां एवं सत्यप्रकाश जरावता, जिला प्रभारी राजकुमार वोहरा, गुरुग्राम भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला प्रभारी संदीप जोशी सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









