सिधरावली में दीपक की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, दो पिस्तौल बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश में की गई हत्या; जतिन पांच दिन की पुलिस हिरासत में, मोनू राजस्थान से गिरफ्तार

गुरुग्राम, 12 नवंबर। गांव सिधरावली के बस अड्डे पर 35 वर्षीय दीपक की गोली मारकर हत्या के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान सिधरावली निवासी जतिन (21) और महेंद्रगढ़ जिले के गांव नांगल दरगू निवासी मोनू उर्फ धोलिया (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल, एक विदेशी पिस्तौल, सात जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे दोनों आरोपियों की दीपक से अलग-अलग रंजिश सामने आई है।

उपनिरीक्षक ललित कुमार के नेतृत्व में अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने जतिन को 10 नवंबर को गुरुग्राम के गांव सहरावन से गिरफ्तार किया। उसे 11 नवंबर को अदालत में पेश कर पांच दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया। दूसरे आरोपी मोनू उर्फ धोलिया को 12 नवंबर को राजस्थान के कोटपुतली क्षेत्र के पावटा से गिरफ्तार किया गया।

कार की अगली सीट पर मिला था शव

पुलिस के अनुसार, नौ नवंबर को थाना बिलासपुर में सूचना मिली थी कि सिधरावली बस अड्डे पर दीपक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को दीपक अपनी कार की अगली सीट पर मृत मिला। घटनास्थल का अपराध दृश्य जांच और अंगुलियों के निशान लेने वाली टीमों से निरीक्षण कराया गया।

मृतक के चाचा ने शिकायत में बताया कि दीपक आठ नवंबर की रात अपनी कार लेकर घर से निकला था। अगली सुबह करीब आठ बजे उसकी हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर वह कार में मृत मिला और उसे गोली लगी हुई थी। शिकायत के आधार पर थाना बिलासपुर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

भाई और दोस्त से मारपीट तथा पुराने हमले की रंजिश का दावा

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में जतिन ने बताया कि करीब छह महीने पहले दीपक के साथियों ने उसके भाई से मारपीट की थी। कुछ समय पहले उसके दोस्त से भी मारपीट हुई थी और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।

वहीं, पुलिस के अनुसार, मोनू सिधरावली में सत्येंद्र यादव के यहां काम करता था। दीपक पर करीब छह वर्ष पहले सत्येंद्र यादव पर हत्या के इरादे से हमला करने का आरोप था। पुलिस का दावा है कि मोनू उस घटना की रंजिश रखता था। इसके बाद जतिन और मोनू ने संपर्क कर हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में वारदात के लिए इस्तेमाल किए गए हथियार मोनू को लिपिन नेहरा द्वारा उपलब्ध कराए जाने की बात भी सामने आई है। मोनू ने थाना सेक्टर-10 क्षेत्र में हत्या के प्रयास की एक अन्य वारदात में संलिप्तता की जानकारी भी दी है। इन बिंदुओं पर जांच जारी है।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मोनू के खिलाफ गुरुग्राम और नांगल चौधरी क्षेत्र में हत्या के प्रयास, लूट, छीना-झपटी, शस्त्र अधिनियम और आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न आरोपों में आठ मामले दर्ज हैं। मृतक दीपक के खिलाफ भी हत्या के दो मामलों सहित कुल आठ मामले दर्ज थे। इनमें छह गुरुग्राम और दो राजस्थान में दर्ज बताए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें