प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग
गुरुग्राम, 12 नवंबर। धूमसपुर स्थित संधार कंपनी में बुधवार दोपहर तीन श्रमिकों की मौत की घटना पर एआईयूटीयूसी हरियाणा प्रदेश कमेटी ने दुख व्यक्त करते हुए औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिकों की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड राजेंद्र सिंह ने मामले में जिम्मेदारी तय कर संबंधित प्रबंधकों एवं मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा प्रत्येक मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
जारी बयान में राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरणों और पर्याप्त सुरक्षा उपायों के बिना केमिकल टैंकर में उतारा गया, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यह घटना श्रमिकों की जान और कार्यस्थल पर उनकी सुरक्षा के प्रति गंभीर उपेक्षा को उजागर करती है।
राजेंद्र सिंह ने कहा, “मजदूर इंसान हैं, मशीन का पुर्जा नहीं। उनकी जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न उद्योगों में प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा उपकरणों के अभाव में श्रमिक जान गंवा रहे हैं अथवा गंभीर चोटों के कारण दिव्यांग हो रहे हैं।
हादसों की पुनरावृत्ति रोकने में विफलता का आरोप
एआईयूटीयूसी प्रदेश अध्यक्ष ने जिला प्रशासन, श्रम विभाग और हरियाणा सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने और प्रभावी निगरानी के अभाव में ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। संगठन ने श्रमिक सुरक्षा के प्रति सरकार, प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन के कथित उपेक्षापूर्ण रवैये की निंदा की।
मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राजेंद्र सिंह ने सरकार से मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिलाया जाए।
उन्होंने संधार कंपनी के श्रमिकों सहित सभी औद्योगिक श्रमिकों से अपनी जान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर आवाज उठाने तथा आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।








