कार्यशाला के साथ रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का भी हुआ आयोजन
गुरुग्राम, 11 नवंबर- राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गुरुग्राम में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न विभागों, विश्वविद्यालयों, रोजगार कार्यालयों, आईटीआई तथा औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान संस्थान के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के उद्देश्यों, पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया और योजना के तहत उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में 6 से 9 माह तक सशुल्क इंटर्नशिप करने का अवसर मिलता है। इसके लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष तथा वार्षिक पारिवारिक आय की अधिकतम सीमा 12 लाख रुपये निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा योजना का लाभ प्राप्त करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस दौरान कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा की गई।
प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना युवाओं को उद्योगों से जोड़ने और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिलता है, जिससे उनके कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा मिलता है।
आईटीआई पासआउट युवाओं के लिए रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध
कार्यशाला के साथ-साथ संस्थान परिसर में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का भी आयोजन किया गया। इसमें एचबीएसएस ई-मोबिलिटी और बी ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड ने भाग लेकर आईटीआई के पासआउट छात्र-छात्राओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान किए। इस पहल के माध्यम से प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को औद्योगिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाए गए।









