डीएचबीवीएन की 16वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2 से 4 दिसंबर तक होगी आयोजित : विक्रम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*निगम के 934 खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में दिखाएंगे दमखम, सर्कल एवं जोन स्तर पर होंगी प्रतियोगिताएं*

*पुरुष, महिला एवं दिव्यांग कर्मचारियों के लिए अलग-अलग खेल स्पर्धाएं निर्धारित*

डीएचबीवीएन केंद्रीय खेल समिति के महासचिव रविंद्र पानू

गुरुग्राम, 09 नवंबर 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के कर्मचारियों में खेल भावना, आपसी सौहार्द, टीम भावना और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निगम की 16वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 4 दिसंबर 2026 तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, विद्युत नगर, हिसार में किया जाएगा।

प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार तथा केंद्रीय खेल समिति के अध्यक्ष के रूप में उनके अनुमोदन से आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता की विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रतियोगिता में निगम के कुल 934 खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ आपसी समन्वय, अनुशासन और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।

डीएचबीवीएन केंद्रीय खेल समिति के महासचिव रविंद्र पानू द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पुरुष कर्मचारियों के लिए सर्कल एवं जोन स्तर पर, महिला कर्मचारियों के लिए जोन स्तर पर तथा दिव्यांग कर्मचारियों के लिए निर्धारित श्रेणियों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।डीएचबीवीएन केंद्रीय खेल समिति के महासचिव रविंद्र पानू

*पुरुष कर्मचारियों के लिए विभिन्न खेल स्पर्धाएं*

पुरुष वर्ग की सर्कल स्तरीय प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 1500 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, भाला फेंक, शॉटपुट और डिस्कस थ्रो शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बैडमिंटन, बास्केटबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, 640 किलोग्राम भार वर्ग में रस्साकशी तथा वॉलीबॉल शूटिंग की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।

वहीं, पुरुष वर्ग की जोन स्तरीय प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, वॉलीबॉल स्मैशिंग तथा ओलंपिक नियमों के अनुसार 57, 65, 74, 86, 97 और 97 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में फ्रीस्टाइल कुश्ती के मुकाबले होंगे।

*महिला कर्मचारियों के लिए चार खेल श्रेणियां*

महिला कर्मचारियों के लिए जोन स्तर पर एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं निर्धारित की गई हैं। एथलेटिक्स में 100, 200, 400 एवं 1500 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, डिस्कस थ्रो और शॉटपुट शामिल हैं। रस्साकशी प्रतियोगिता 500 किलोग्राम भार वर्ग में आयोजित होगी।

*दिव्यांग कर्मचारियों को भी मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर*

दिव्यांग कर्मचारियों के लिए बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज और कैरम की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इससे दिव्यांग कर्मचारियों को भी अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा।

निगम के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सहयोग, अनुशासन, एकता और टीम भावना को मजबूत करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी।

*2 दिसंबर को मार्च पास्ट और उद्घाटन समारोह*

सभी कंटिंजेंट इंचार्ज को 2 दिसंबर 2026 को सुबह 9 बजे तक विद्युत नगर, हिसार स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इसी दिन सुबह 9:30 बजे मार्च पास्ट आयोजित होगा, जबकि प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह सुबह 10 बजे होगा। मार्च पास्ट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने संबंधित सर्कल अथवा जोन के ध्वज के साथ निर्धारित ड्रेस कोड में उपस्थित होना होगा। सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता की पूरी अवधि के दौरान उपलब्ध रहना अनिवार्य होगा।

*खिलाड़ियों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य*

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को संबंधित डिवीजन के डीडीओ द्वारा जारी अपना मूल कर्मचारी पहचान पत्र साथ लाना होगा। प्रतियोगिता के दौरान किसी भी समय पहचान पत्र की जांच की जा सकती है। पुरुष एवं महिला रस्साकशी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को पहचान पत्र के साथ हाल ही का पासपोर्ट साइज फोटो भी लाना होगा।

*खेलों के निर्धारित नियमों का करना होगा पालन*

प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न खेलों के निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य होगा। बैडमिंटन के मुकाबले नॉन-मार्किंग जूतों में, रस्साकशी के मुकाबले डीएमएस जूतों में, कबड्डी के मुकाबले कबड्डी जूतों में तथा कुश्ती के मुकाबले केवल कुश्ती के जूतों में खेले जाएंगे। वॉलीबॉल प्रतियोगिता टेनिस प्वाइंट प्रणाली के अनुसार 21 अंकों तक खेली जाएगी।

यदि कोई खिलाड़ी एक से अधिक खेलों में भाग लेता है तो उसके कारण प्रतियोगिता के निर्धारित कार्यक्रम में किसी प्रकार की प्रतीक्षा अथवा देरी नहीं की जाएगी। निर्धारित समय पर पूरी टीम के उपस्थित नहीं होने की स्थिति में रेफरी के नियमों के अनुसार 10 मिनट बाद वॉकओवर दिया जा सकता है।

*अनुशासनहीनता पर होगी कार्रवाई*

खेल मैदान अथवा आवासीय परिसर में किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी प्रतिभागियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। प्रतियोगिता के दौरान शराब का सेवन और डोपिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बाहरी खिलाड़ियों की भागीदारी पाए जाने पर संबंधित पूरी टीम को अयोग्य घोषित किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त संबंधित टीम एवं कंटिंजेंट इंचार्ज के विरुद्ध निगम के नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

खेल अधिकारियों एवं रेफरी का निर्णय अंतिम होगा। किसी भी विवाद की स्थिति में मामला डिस्प्यूट सेटल कमेटी के समक्ष रखा जाएगा, जिसका निर्णय अंतिम माना जाएगा।

*खिलाड़ियों के रहने और भोजन की व्यवस्था करेगी केंद्रीय खेल समिति*

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए भोजन तथा निर्धारित आवासीय व्यवस्थाएं डीएचबीवीएन केंद्रीय खेल समिति द्वारा की जाएंगी।

प्रतियोगिता में सर्कल एवं जोन स्तर पर पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांग कर्मचारियों के प्रदर्शन के आधार पर अंक निर्धारित किए जाएंगे। इन अंकों के आधार पर ओवरऑल ट्रॉफी के विजेता का चयन किया जाएगा। दिल्ली जोन और हिसार जोन के पदक अंक संबंधित जोन के अंतर्गत आने वाले सर्कलों के सर्वोच्च स्कोर के आधार पर गिने जाएंगे, जबकि मुख्यालय जोन के पदक अंक मुख्यालय में गिने जाएंगे।

डीएचबीवीएन केंद्रीय खेल समिति ने सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, कार्यकारी अभियंताओं, वित्त अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों से खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने, उन्हें प्रतियोगिता के लिए तैयार करने तथा निर्धारित समयसीमा में खिलाड़ियों की सूची भेजने का अनुरोध किया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें