अनिल विज को पद्मश्री देने की मांग, शांडिल्य ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखने की बात कही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहीदी स्मारक के लोकार्पण के बाद भगवान राम की प्रतिमा और दोशाला भेंट कर किया सम्मानित

अंबाला। एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज को जनसेवा और राष्ट्रहित में उनके योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संगठन ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। इस मांग को लेकर वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे।

अंबाला में 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृति में निर्मित शहीदी स्मारक के लोकार्पण के बाद शांडिल्य ने विज को भगवान राम की प्रतिमा और दोशाला भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा लोकार्पित यह स्मारक स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों से नई पीढ़ी को परिचित कराने और युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

शांडिल्य ने स्मारक के निर्माण का श्रेय विज को देते हुए कहा कि लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शूरवीरों के प्रति श्रद्धांजलि है। उन्होंने इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्थल और ऐतिहासिक चेतना जगाने की दिशा में मील का पत्थर बताया।

विज के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए शांडिल्य ने कहा कि उनकी 36 वर्षों की जनसेवा और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि विज ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के सिद्धांत पर काम करते हैं।

कोरोना काल का उल्लेख करते हुए शांडिल्य ने कहा कि गृह और स्वास्थ्य विभागों की जिम्मेदारी संभालते हुए विज ने लोगों की सहायता और उनके जीवन की रक्षा के लिए काम किया। उन्होंने विज की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों में ऐसी जनसेवा की भावना मजबूत होने से भय और भ्रष्टाचार से मुक्त समाज बनाने में मदद मिल सकती है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें