जरूरतमंदों के संग गुरुग्राम पुलिस ने मनाई दीपावली, बांटी मिठाइयां और उपहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झुग्गी-बस्तियों में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ साझा की खुशियां; ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का भी बढ़ाया उत्साह

गुरुग्राम, 08 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस ने रविवार को झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों के बीच मिठाइयां और उपहार वितरित कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। पुलिस आयुक्त शिवास कविराज के निर्देश पर विभिन्न पुलिस टीमों, थाना प्रबंधकों और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।

पुलिस टीमों ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को मिठाइयां एवं उपहार भेंट कर सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना था।

दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों के बीच भी वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। पुलिस उपायुक्तों और सहायक पुलिस आयुक्तों ने विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर पर्व की बधाई दी। अधिकारियों ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान पुलिस टीमों ने लोगों से दीपावली सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल ढंग से मनाने की अपील की। लोगों को अपने आसपास के नागरिकों की सुरक्षा का ध्यान रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया गया।

गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि ऐसी पहल पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग तथा सौहार्द को मजबूत करती है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियां निभाना और जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी पुलिस की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें