राहुल गांधी के आवास पर दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुईं सिरसा की सांसद; देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, संविधान, भाईचारे और लोकतंत्र की मजबूती का दिया संदेश
नई दिल्ली/सिरसा, 7 नवंबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, उत्तराखंड प्रभारी एवं कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य कुमारी सैलजा ने देश एवं प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
नई दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल होने के अवसर पर कुमारी सैलजा ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि समाज से अंधकार, नफरत, भय और भेदभाव मिटाकर प्रेम, सद्भाव तथा भाईचारे का प्रकाश फैलाने का संकल्प है।
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि आज देश को ऐसे वातावरण की आवश्यकता है, जहां संविधान सर्वोपरि हो, लोकतांत्रिक संस्थाएं स्वतंत्र और निष्पक्ष होकर कार्य करें तथा प्रत्येक नागरिक बिना भय के अपनी बात रख सके।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद ने वर्तमान सरकार की नीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कथित दबाव, असहमति की आवाज दबाने और धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति से देश को मुक्ति मिलनी चाहिए।
सांसद ने कामना की कि यह दीपावली देश में स्वस्थ लोकतंत्र, सामाजिक सौहार्द, आर्थिक खुशहाली और समान विकास का नया प्रकाश लेकर आए। सांसद ने कहा कि कांग्रेस परिवार एकजुट होकर जनहित, संविधान की रक्षा और प्रत्येक नागरिक के सम्मान के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा।








