सेक्टर 52ए, 53/43 और 3/5 की मास्टर व सर्विस रोड की होगी विशेष मरम्मत; राजीव चौक से सदर बाजार तक फुटपाथ निर्माण और ड्रेनेज सुधार भी होगा
गुरुग्राम, 29 अक्तूबर। गुरुग्राम में सड़क आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए ) निरंतर प्रयासरत है। प्राधिकरण के प्रवक्ता ने बताया कि गुरुग्राम शहर के तीन प्रमुख सड़क मार्गों के विकास एवं सुधार कार्यों के लिए टेंडर जारी कर निविदाएं आमंत्रित की हैं। इन कार्यों के तहत मास्टर और सर्विस रोड की विशेष मरम्मत के साथ राजीव चौक से सदर बाजार तक फुटपाथ निर्माण तथा जल निकासी व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
सेक्टर 52ए और 53/43 की मास्टर व सर्विस रोड की होगी मरम्मत
पहले कार्य के तहत सेक्टर 52ए तथा सेक्टर 53/43 की डिवाइडिंग मास्टर रोड और उसके साथ लगती सर्विस रोड की विशेष मरम्मत की जाएगी। इसके लिए टेंडर जारी कर निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। सड़क मरम्मत के साथ इससे संबंधित अन्य आवश्यक कार्य भी किए जाएंगे। इससे संबंधित क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने और वाहन चालकों के आवागमन को सुगम करने में मदद मिलेगी।
राजीव चौक से सदर बाजार तक फुटपाथ और ड्रेनेज होंगे बेहतर
दूसरे कार्य के तहत राजीव चौक से सदर बाजार तक सड़क के साथ फुटपाथों का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था में सुधार और अन्य संबंधित कार्य किए जाएंगे। इस परियोजना के लिए भी टेंडर जारी कर निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। फुटपाथ निर्माण से पैदल यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी, जबकि ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार से वर्षा जल की निकासी को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
सेक्टर 3/5 की डिवाइडिंग रोड पर भी होगा सुधार
तीसरे कार्य के अंतर्गत सेक्टर 3/5 की डिवाइडिंग मास्टर रोड और साथ लगती सर्विस रोड की विशेष मरम्मत की जाएगी। इस कार्य के लिए भी निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। सड़क मरम्मत के साथ अन्य आवश्यक सहायक कार्य भी किए जाएंगे, ताकि संबंधित क्षेत्र में सड़क आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाया जा सके।
जीएमडीए की इन तीनों परियोजनाओं का उद्देश्य गुरुग्राम की प्रमुख सड़कों की स्थिति में सुधार करना, आवागमन को अधिक सुगम बनाना और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इन कार्यों में सड़क सुधार के साथ पैदल यात्रियों की सुविधा और वर्षा जल निकासी व्यवस्था को भी महत्व दिया गया है।








