स्मार्ट आंगनबाड़ी कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाली गुरुग्राम की 30 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*एडीसी सोनू भट्ट ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और स्कूल की तैयारी को बेहतर बनाने में निभा रहीं अहम भूमिका*

गुरुग्राम, 27 अक्टूबर। स्मार्ट आंगनबाड़ी कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर बनाने और उन्हें खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण से जोड़ने में उत्कृष्ट योगदान देने वाली गुरुग्राम जिले की 30 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

एडीसी सोनू भट्ट ने सम्मानित कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान

जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया भी मौजूद रही। यह कार्यक्रम रॉकेट लर्निंग के मैनेजर अभिषेक कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को अधिक प्रभावी, रोचक और गुणवत्तापूर्ण बनाना तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को प्रोत्साहित करना है।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्ष उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। ऐसे प्रयास बच्चों की सीखने की नींव मजबूत करने और उन्हें स्कूल के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने में सहायक हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया ने बताया कि सम्मानित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्मार्ट आंगनबाड़ी कार्यक्रम के तहत बच्चों को प्रतिदिन विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, खेलों और रचनात्मक अभ्यासों के माध्यम से सिखाने का कार्य कर रही हैं। इन गतिविधियों से बच्चों में सीखने के प्रति रुचि विकसित करने, उनकी समझ और रचनात्मकता को बढ़ावा देने तथा उन्हें औपचारिक स्कूली शिक्षा के लिए तैयार करने में मदद मिल रही है।

इस अवसर पर रॉकेट लर्निंग टीम की प्रोग्राम लीड प्रतिभा रोहल, भावना सिंह, मोनू कुमार मिश्रा और धीरेन्द्र कुमार भी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें