कम्युनिटी सेंटर के दुरुपयोग से सेक्टरवासी परेशान : धर्मसागर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कूड़ा उठाने में देरी और परिसर में गाड़ियां खड़ी करने पर रोष, निगम आयुक्त से कार्रवाई की मांग

गुरुग्राम। सेक्टर-4 में सफाई व्यवस्था और कम्युनिटी सेंटर के इस्तेमाल को लेकर अर्बन रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (ऊर्वा) के संरक्षक धर्मसागर ने नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि कम्युनिटी सेंटर के बाहर नियमित रूप से कूड़ा जमा होने और परिसर में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां खड़ी रहने से स्थानीय नागरिकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से मामले का संज्ञान लेकर व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

धर्मसागर ने बताया कि कम्युनिटी सेंटर के बाहर रोजाना शाम को बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्रित कर दिया जाता है, जिसे अगले दिन दोपहर करीब एक बजे तक नहीं उठाया जाता। इस दौरान बेसहारा पशु कचरे को सड़क और आसपास के क्षेत्र में फैला देते हैं। हवा के साथ उड़ते कचरे और दुर्गंध से आसपास रहने वाले लोगों तथा राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सार्वजनिक परिसर में खड़ी रहती हैं गाड़ियां

उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां भी कई-कई दिनों तक कम्युनिटी सेंटर परिसर में खड़ी रहती हैं। सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए बने इस सार्वजनिक स्थल का इस तरह इस्तेमाल होने से इसकी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। धर्मसागर ने मांग की कि परिसर का उपयोग उसके निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।

टैक्स और शुल्क के बावजूद सुविधाओं का अभाव

धर्मसागर ने कहा कि सेक्टरवासी नियमित रूप से संपत्ति कर और कूड़ा उठाने का उपयोगकर्ता शुल्क अदा करते हैं। इसके बावजूद समय पर कूड़ा नहीं उठना और सार्वजनिक स्थल के आसपास गंदगी बनी रहना निराशाजनक है। नागरिकों को स्वच्छ वातावरण और व्यवस्थित सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है।

उन्होंने निगम आयुक्त से संबंधित सफाई निरीक्षकों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देने, कूड़ा उठाने का समय सुनिश्चित करने तथा शिकायतों की जांच कर लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई से ही सेक्टरवासियों को इस समस्या से राहत मिल सकती है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें