दिल्ली में विपक्ष का मार्च, गुरुग्राम से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वर्धन यादव के नेतृत्व में भागीदारी; मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, एसआईआर रद्द करने और बैलेट पेपर से चुनाव की मांग

गुरुग्राम, 12 अक्टूबर। चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा की मांग को लेकर सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन के विरोध मार्च में गुरुग्राम के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम ग्रामीण के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी वर्धन यादव के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे।

जिला कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट की ओर विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया यानी एसआईआर को रद्द करने तथा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई गई।

विपक्षी नेताओं ने दिखाई एकजुटता

जारी जानकारी के मुताबिक, मार्च में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट की नेता सुप्रिया सुले, शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के नेता संजय राउत और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता डी. राजा सहित गठबंधन के अनेक नेता शामिल हुए। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनावी संस्थाओं की निष्पक्षता तथा चुनाव प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग का समर्थन किया।

जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : वर्धन

इस अवसर पर वर्धन यादव ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन ने इन्हीं मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की है।

वर्धन यादव ने कहा कि गुरुग्राम से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी संगठन की एकजुटता और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कांग्रेस चुनावी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही से जुड़े सवाल लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी।

उन्होंने दिल्ली पहुंचे गुरुग्राम कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, युवा साथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ही संगठन को मजबूत बनाती है और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की ताकत देती है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!