आयुष विभाग की ओर से सुल्तानपुर, रिठोज और कन्हई में स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान, स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए किया प्रेरित

गुरुग्राम, 12 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुग्राम जिले में स्वास्थ्य जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में 12 अक्टूबर को राव लाल सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन सिधरावली में एचआईवी/एड्स जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना, संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा एचआईवी से पीड़ित लोगों के प्रति संवेदनशीलता और भेदभाव रहित व्यवहार को प्रोत्साहित करना रहा।
विशेषज्ञ ने एचआईवी/एड्स से बचाव के उपायों की दी जानकारी

जागरूकता सत्र में ईएसआई अस्पताल मानेसर की आईसीटीसी काउंसलर कृष्णा देवी ने विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स के संक्रमण के तरीकों, बचाव के उपायों, समय पर जांच करवाने के महत्व तथा उपलब्ध परामर्श एवं चिकित्सा सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए एचआईवी/एड्स से जुड़ी आम भ्रांतियों को दूर किया और सही जानकारी के आधार पर स्वास्थ्य संबंधी निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और बचाव के उपाय अपनाना बेहद जरूरी है। साथ ही, एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोगों के प्रति सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार रखने तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव से बचने का संदेश दिया गया।
इसी कड़ी में आयुष विभाग की ओर से राजकीय महाविद्यालय सुल्तानपुर, राजकीय विद्यालय रिठोज तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कन्हई में आंगनवाड़ी मिलन एवं स्वस्थ जीवनशैली की रोकथाम संबंधी जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतें अपनाने, संतुलित आहार लेने, नियमित योग एवं व्यायाम करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, बीमारियों से बचाव के लिए समय रहते आवश्यक सावधानियां बरतने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।







