“कोई भी योग्य मतदाता न छूटे”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*एसआईआर के तहत नोटिस एवं सुनवाई मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर*

*गुरुग्राम में 7 से 9 अक्टूबर तक लगाए गए विशेष शिविरों में 2110 लंबित मामलों की हुई सुनवाई, 5882 मामले अभी लंबित*

गुरुग्राम, 9 अक्टूबर। जिला गुरुग्राम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची से संबंधित नोटिस एवं सुनवाई मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले में 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक विशेष शिविरों एवं घर-घर सर्वे के माध्यम से कुल 2110 लंबित मामलों की सुनवाई की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह द्वारा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें तथा प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सुनवाई के मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और राजनीतिक दलों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के अंतर्गत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूचियां संबंधित राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई हैं।

जिले में वर्तमान में कुल 5882 सुनवाई मामले लंबित हैं, जिनका निस्तारण 28 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुए हैं और जिन्होंने अभी तक अपने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं, वे अपने दस्तावेज संबंधित अधिकारियों अथवा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जल्द से जल्द जमा करवाएं।

प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का समय पर निस्तारण करने तथा मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी पात्र मतदाताओं के नाम 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!