शिक्षा और साहित्य में उपलब्धियों पर भैंसरू कलां पंचायत ने किया अभिनंदन
सांपला। शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में गांव का नाम रोशन करने वाले शिक्षक दंपती और वरिष्ठ साहित्यकार को भैंसरू कलां ग्राम पंचायत ने ‘ग्राम गौरव सम्मान’ से नवाजा। शहीद अश्वनी राजकीय विद्यालय में आयोजित समारोह में शिक्षक सोनू कुमार, उनकी पत्नी शिक्षिका डॉ. बिरमती और वरिष्ठ साहित्यकार मास्टर रामप्रकाश कौशिक का पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने फूलमालाएं पहनाकर और शॉल भेंट कर अभिनंदन किया।
मास्टर रामप्रकाश कौशिक को उनकी पुस्तक ‘शर्मा जी सौरभ’ के लिए हरियाणा साहित्य अकादमी की ओर से प्रथम पुरस्कार मिलने पर सम्मानित किया गया। वहीं, शिक्षक सोनू कुमार और डॉ. बिरमती को राज्य शिक्षक सम्मान प्राप्त करने की उपलब्धि पर पंचायत ने ग्राम गौरव सम्मान प्रदान किया।
शिक्षा के साथ संस्कार देना भी शिक्षक का दायित्व
मुख्य वक्ता मास्टर रामप्रकाश कौशिक ने कहा कि शिक्षक अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करे तो शिक्षक और सम्मान एक-दूसरे के पर्याय बन जाते हैं। माता-पिता के बाद समाज में शिक्षक का विशेष स्थान है। शिक्षकों का दायित्व केवल विद्यार्थियों को पढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसे आदर्श स्थापित करना भी है, जिनसे सभ्य और संस्कारित समाज का निर्माण हो।
सरपंच सुनीता देवी ने कहा कि गांव के शिक्षकों को राज्य स्तरीय सम्मान और साहित्यकार को प्रथम पुरस्कार मिलना पूरे भैंसरू कलां के लिए गर्व की बात है। ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान युवा पीढ़ी को शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
समारोह में सरपंच प्रतिनिधि ऋषिराम पहलवान, पूर्व सरपंच सुशील कौशिक, महामंडलेश्वर विद्यास्वरूप, रमेश, अशोक, मास्टर सूरजभान, सतीश कौशिक, सत्यनारायण, पंचायत समिति सदस्य कृष्ण कौशिक, डीएसपी गोपाल, शिव कुमार, बालकिशन, चांद राम और राजसिंह सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे।








