डीएलएसए गुरुग्राम द्वारा डीपीजी लॉ कॉलेज में मेगा शिविर का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष डीएलएसए नरेंद्र सुरा ने किया लीगल एड क्लिनिक का उद्घाटन*

*पराली जलाने के दुष्प्रभावों पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया नुक्कड़ नाटक*

गुरुग्राम, 25 सितंबर- नालसा के तत्वावधान में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा डीपीजी लॉ कॉलेज के सहयोग से मेगा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना रहा। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, डीएलएसए नरेंद्र सुरा तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा उपस्थित रहीं।

*लीगल एड क्लिनिक का किया उद्घाटन*

कार्यक्रम के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, डीएलएसए नरेंद्र सुरा ने डीपीजी लॉ कॉलेज परिसर में लीगल एड क्लिनिक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि लीगल एड क्लिनिक के माध्यम से जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता और प्रारंभिक कानूनी सलाह उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को कानूनी जागरूकता फैलाने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। क्लिनिक से विद्यार्थियों को व्यावहारिक कानूनी अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।

*पराली जलाने के दुष्प्रभावों पर विद्यार्थियों का नुक्कड़ नाटक*

मेगा शिविर के दौरान डीपीजी लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों ने पराली जलाने के दुष्प्रभावों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण, पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों और मानव स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया। साथ ही, किसानों एवं आमजन से पराली के उचित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का संदेश दिया।

*निःशुल्क कानूनी सहायता सहित विभिन्न सेवाओं की दी जानकारी*

शिविर में डीएलएसए द्वारा निःशुल्क कानूनी सहायता एवं कानूनी सलाह के बारे में जानकारी दी गई। डीएलएसए के पैनल अधिवक्ता प्रदीप पंघाल, रीना यादव, नेहा चौधरी, मंजीता, सनी एवं नरेश ने लोक अदालत, मध्यस्थता, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, मौलिक कर्तव्यों तथा हरियाणा पीड़ित मुआवजा योजना के बारे में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि न्यायालय में लंबित मामलों के साथ-साथ न्यायालय में न पहुंचे विवादों को भी आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर लोक अदालत में सुलझाया जा सकता है। पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने भी लोगों को डीएलएसए द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी।

शिविर में आयुष विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया तथा निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। परिवार पहचान पत्र, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला कल्याण विभाग, जिला बाल संरक्षण विभाग, जिला बाल कल्याण समिति, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, रोजगार विभाग, श्रम विभाग, कृषि विभाग तथा रेडक्रॉस सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।

*ग्रामीण विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान तथा बैंकों ने दी स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी*

ग्रामीण विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान एवं विभिन्न बैंकों द्वारा स्वरोजगार प्रशिक्षण, विभिन्न कोर्स और ऋण योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। पीएनबी बैंक की ओर से वित्तीय सलाह तथा छोटे ऋणों से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर डीपीजी कॉलेजेज के चेयरमैन राजेन्द्र गहलोत, वाइस चेयरमैन दीपक गहलोत, डीपीजी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एस.एस. बोकेन, निदेशक (अकादमिक) डॉ. प्रह्लाद सिंह, रजिस्ट्रार अशोक गोगिया, डीपीजी लॉ कॉलेज की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) शोभना जीत, निदेशक डॉ. प्रिया शुक्ला सहित कॉलेज के विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!