मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीसी के माध्यम से समाधान शिविरों की कार्यप्रगति की समीक्षा की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वीसी के बाद डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों के साथ की शिकायतों के निवारण की समीक्षा

समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 25 सितंबर- डीसी उत्तम सिंह ने आज लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में समाधान शिविरों में प्राप्त जनशिकायतों की समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इसलिए प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को समाधान की स्थिति से अवगत कराया जाए।

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी डीसी और संबंधित अधिकारियों के साथ समाधान शिविरों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने जिलावार प्राप्त शिकायतों, उनके निवारण की स्थिति तथा लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी के बाद डीसी उत्तम सिंह ने जिले में समाधान शिविरों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान हो चुकी शिकायतों को संबंधित पोर्टल पर समय पर अपडेट किया जाए, ताकि लंबित शिकायतों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रहे। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में किसी स्तर पर कार्रवाई लंबित है, उनकी नियमित निगरानी की जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ उनका समाधान करें। शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी शिकायत निवारण प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए समाधान के बाद उन्हें इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए गए। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की स्थिति पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट की जाए और समीक्षा बैठक से पहले लंबित मामलों की पूरी जानकारी तैयार रखी जाए।

उन्होंने बताया कि समाधान शिविर प्रत्येक सप्ताह सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला एवं उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं। डीसी ने अधिकारियों से कहा कि वे पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की प्रशासक वैशाली सिंह, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच, एसडीएम मानेसर लोकेश यादव, सीटीएम ज्योति नागपाल, संयुक्त आयुक्त सपना यादव, डीआरओ विजय यादव, एसीपी मुकेश कुमार तथा डीडीपीओ नवनीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!