महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, नशा मुक्ति जागरूकता, स्वास्थ्य जांच और डिजिटल साक्षरता के माध्यम से 455 विद्यार्थियों एवं नागरिकों को किया जागरूक
गुरुग्राम, 24 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुग्राम जिले में ‘सेवा मेरा योगदान’ मॉड्यूल के अंतर्गत 24 सितंबर को भी जनसेवा एवं जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के क्रम में शैक्षणिक संस्थानों में महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, नशा मुक्ति, स्वास्थ्य जांच तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता जैसे विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों सहित लगभग 455 लोगों ने भागीदारी की।
-राजकीय महाविद्यालय सिधरावली में महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर जागरूकता*
उच्चतर शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय, सिधरावली में महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर भाषण एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। लगभग 65 प्रतिभागियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया गया।
राजकीय मॉडल आईटीआई गुरुग्राम में स्वास्थ्य जांच एवं डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम
राजकीय मॉडल आईटीआई गुरुग्राम में स्वास्थ्य जांच शिविर एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैनविन फाउंडेशन की चिकित्सकीय टीम, ग्रुप इंस्ट्रक्टर, एम्प्लॉयबिलिटी स्किल इंस्ट्रक्टर एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 230 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्वास्थ्य जांच के साथ वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं उपयोगी प्रयोग से संबंधित जानकारी प्रदान की गई।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक
राजकीय कन्या महाविद्यालय, सेक्टर-14 गुरुग्राम के सेमिनार हॉल में ‘नशा मुक्त भारत जागरूकता अभियान’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन, शैक्षणिक वीडियो की स्क्रीनिंग तथा नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। प्राचार्य एवं स्टाफ सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 160 प्रतिभागियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
आरोग्य आयुष मंदिरों में स्वास्थ्य जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी आरोग्य आयुष मंदिरों में स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में पहुंचे लोगों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, नियमित योग एवं व्यायाम, संतुलित आहार तथा दैनिक जीवन में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक किया गया। आयुष पद्धति के माध्यम से निरोगी जीवन के महत्व की जानकारी देते हुए लोगों को स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या अपनाने का संदेश दिया गया।








