जिला बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने न्यायालय परिसर की सुविधाओं और लंबित प्रशासनिक मामलों पर भी चर्चा की
गुरुग्राम, 24 सितंबर (अशोक)। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान अधिवक्ता कुलभूषण भारद्वाज के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्रा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए पर्याप्त चैंबर उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
भारद्वाज ने कहा कि गुरुग्राम में अधिवक्ताओं की संख्या बढ़ रही है, लेकिन उसी अनुपात में चैंबर उपलब्ध नहीं हैं। इससे अधिवक्ताओं को मुकदमों की तैयारी, मुवक्किलों से परामर्श और दैनिक कार्यों के लिए उपयुक्त स्थान मिलने में कठिनाई होती है। प्रतिनिधिमंडल ने आधुनिक सुविधाओं के विस्तार, बढ़ते मुकदमों और लंबित प्रशासनिक मामलों के शीघ्र निस्तारण पर भी चर्चा की। मुलाकात में वरिष्ठ अधिवक्ता अजय चौधरी और जिला सचिव प्रशांत ठाकरान सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।








