सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव व पार्षद पिंकी ने किया कैंप का शुभारंभ — पात्र लाभार्थियों का मौके पर हुआ पंजीकरण
दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का 62 महिलाओं को मिला ऑन द स्पॉट लाभ
गुरुग्राम, 23 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके घर-द्वार के नजदीक उपलब्ध कराने तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को नगर निगम मानेसर के गांव नखड़ौला स्थित खेल स्टेडियम में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ नगर निगम मानेसर के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव तथा वार्ड नंबर-15 की पार्षद पिंकी ने किया।
सेवा सेतु अभियान के तहत मानेसर में आयोजित यह पहला कैंप था। इसके बाद 24 सितंबर को नगर निगम मानेसर के सेक्टर-8 स्थित मुख्यालय में भी कैंप आयोजित किया जाएगा। इन सेवा सेतु कैंपों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकार की योजनाओं, सेवाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही संबंधित योजनाओं से जोड़ने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कैंप में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार आमजन के कल्याण और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सेवाएं और योजनाओं की जानकारी उनके नजदीक ही उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु कैंप मुख्यमंत्री की इसी जनसेवा की सोच को धरातल पर साकार करने का माध्यम हैं, जहां विभिन्न विभाग एक ही स्थान पर पहुंचकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे ऐसे कैंपों का लाभ उठाएं और पात्र होने पर संबंधित योजनाओं के लिए अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, योजनाओं की दी जानकारी
कैंप में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर 300 से अधिक लोगों को सरकार की योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण किया गया, जिससे लोगों को संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े।
कैंप में पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जाकर अपनी जरूरत के अनुसार योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों से अपनी समस्याओं और पात्रता से संबंधित जानकारी भी ली।
दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का 62 महिलाओं को मिला ऑन द स्पॉट लाभ
कैंप में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को योजना की जानकारी देने के साथ पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। हरियाणा सरकार द्वारा 17 सितंबर से 27 सितंबर तक ₹1.80 लाख तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे पहले योजना के तहत ₹1 लाख तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को लाभ दिया जा रहा था। आज नखड़ौला में आयोजित सेवा सेतु कैंप में 62 महिलाओं ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए ऑन द स्पॉट अपना पंजीकरण कराया।
गांव पंचगांव निवासी अनु तथा पूजा ने बताया कि सेवा सेतु कैंप में उन्हें दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की जानकारी मिली और मौके पर ही उनका पंजीकरण कर दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि घर के नजदीक ही पंजीकरण की सुविधा मिलने से उन्हें काफी सहूलियत हुई। शिकोहपुर निवासी सुनीता ने कहा कि सेवा सेतु कैंप में उन्हें दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की जानकारी मिली और ऑन द स्पॉट पंजीकरण की सुविधा का लाभ मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि घर के नजदीक यह सुविधा मिलने से योजना के लिए आवेदन करना आसान हो गया।








