मेगा सर्विस कैंप में एक मंच पर मिलेंगी सरकारी सेवाएं और योजनाओं की जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कानूनी सहायता स्टॉल पर आमजन को मिलेगी निःशुल्क कानूनी सहायता एवं मार्गदर्शन

25 सितंबर को डीपीजी लॉ कॉलेज, सेक्टर-37 में आयोजित होगा मेगा सर्विस कैंप

गुरुग्राम, 23 सितंबर। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण, पंचकूला के मार्गदर्शन में जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम नरेंद्र सुरा के नेतृत्व तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम निशा के मार्गदर्शन में 25 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे से डीपीजी लॉ कॉलेज, सेक्टर-37, गुरुग्राम में मेगा सर्विस कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा डीपीजी लॉ कॉलेज के सहयोग से आयोजित इस कैंप का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं उपलब्ध करवाना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है।

मेगा सर्विस कैंप में विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाएंगे। कैंप में समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, सिविल अस्पताल, आयुष विभाग, जिला कल्याण कार्यालय, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, रोजगार विभाग, श्रम विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग एवं संस्थाएं भाग लेंगी। यहां आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) तथा निवास प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाओं के अलावा पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, महिला एवं बाल कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और श्रमिक कल्याण से जुड़ी जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जाएगा।

कैंप में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा विशेष कानूनी सहायता स्टॉल लगाया जाएगा, जिसका संचालन पैनल अधिवक्ता करेंगे। इस स्टॉल पर आमजन की कानूनी समस्याओं को सुनकर पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता, उनके कानूनी अधिकारों तथा उपलब्ध विधिक सेवाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही, निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और उचित कानूनी उपायों की जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। पैरा लीगल वालंटियर्स लोगों को आवश्यक जानकारी देने तथा संबंधित सेवाओं तक पहुंच बनाने में सहयोग करेंगे।

शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्तियों और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाएंगे, जबकि रोजगार एवं श्रम विभाग रोजगार के अवसरों तथा श्रमिक कल्याण योजनाओं के बारे में अवगत कराएंगे। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की टीम, पैनल अधिवक्ता एवं पैरा लीगल वालंटियर्स कैंप में सक्रिय रूप से भाग लेकर आमजन को आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम नरेंद्र सुरा ने कहा कि मेगा सर्विस कैंप का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों को एक मंच पर लाकर आमजन तक सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना तथा पात्र लाभार्थियों को उनके अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम ने आमजन से आग्रह किया है कि वे 25 सितंबर को प्रातः 11 बजे से डीपीजी लॉ कॉलेज, सेक्टर-37, गुरुग्राम में आयोजित मेगा सर्विस कैंप में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और सरकारी सेवाओं, प्रमाण-पत्रों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क कानूनी सहायता का लाभ उठाएं। पात्र लाभार्थी संबंधित सेवाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!