80 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों को किया जाएगा सम्मानित; 18 अक्टूबर को मनेगा वार्षिकोत्सव
गुरुग्राम। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम शाखा की कोर कमेटी की बैठक सेक्टर-14 स्थित आईडीसी कार्यालय में शाखा प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्म सागर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 26 सितंबर को सेक्टर-4 के सामुदायिक भवन में सुबह 11 बजे से होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।
धर्म सागर और मंच संचालक डीएन कवातरा ने बताया कि कार्यक्रम में अगस्त और सितंबर में जन्मे सदस्यों के जन्मदिन मनाए जाएंगे। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। सदस्य कविता, चुटकुले, गीत और भजन भी प्रस्तुत करेंगे।
धर्म सागर ने बताया कि संस्था का वार्षिकोत्सव 18 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों और अभ्यास की विस्तृत जानकारी 26 सितंबर को दी जाएगी।
बैठक में सदस्यों को 30 सितंबर को दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में होने वाले वरिष्ठ नागरिक दिवस कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई। यह कार्यक्रम पंजाब केसरी की निदेशक एवं संस्था की चेयरपर्सन किरण चोपड़ा शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित होगा। इसमें शामिल होने के इच्छुक सदस्य उस दिन दोपहर 3:30 बजे धर्म सागर के आईडीसी स्थित कार्यालय पहुंचें। वहां से सभी बस द्वारा दिल्ली रवाना होंगे।
बैठक में समाजसेवी एचएस चावला ने भी विचार रखे। इस अवसर पर ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य रमेश वशिष्ठ, एमआर कुमार, एसके गाबा, मधु शर्मा, शीतल चावला और मदन डूडेजा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।








