कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के उप क्षेत्रीय कार्यालय में हिंदी कार्यशाला एवं पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 22 सितंबर। राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के उप क्षेत्रीय कार्यालय, गुरुग्राम में मंगलवार को हिंदी कार्यशाला एवं हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यालय अध्यक्ष हरिओम प्रकाश तथा मुख्य अतिथि एवं वक्ता राजेश शर्मा, उपनिदेशक (राजभाषा), डॉ. स्वीटी यादव, सहायक निदेशक (राजभाषा) मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यालय अध्यक्ष हरिओम प्रकाश ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रयोग दैनिक कार्यालयीन कार्यों में सहज रूप से बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से सरल, स्पष्ट एवं प्रभावी हिंदी में कार्य करने तथा हिंदी साहित्य के पठन-पाठन को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

कार्यशाला में राजेश शर्मा ने कार्यालयी हिंदी, टिप्पण एवं आलेखन सहित विभिन्न विषयों पर कर्मचारियों को व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में सरल एवं मानक हिंदी के प्रयोग की आवश्यकता बताते हुए हिंदी में कार्य करने के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को हिंदी साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से मुंशी प्रेमचंद की कालजयी कृति ‘गोदान’ की प्रतियां भी वितरित की गईं। पुस्तक वितरण के माध्यम से कर्मचारियों को हिंदी साहित्य के नियमित पठन के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी में साहित्य, कहानी, उपन्यास, कविता, ज्ञान-विज्ञान, व्यक्तित्व विकास और समसामयिक विषयों से संबंधित विभिन्न पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न पुस्तकों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य कार्यालय में हिंदी पठन संस्कृति को बढ़ावा देना तथा कर्मचारियों को हिंदी साहित्य की विविध विधाओं से परिचित कराना रहा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!