: दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनप्रतिनिधियों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने की पहल
: उत्कृष्ट वार्डों को मिलेगा सम्मान, आई हेट प्लास्टिक अभियान से पर्यावरण संरक्षण का संदेश
: सेवा सेतु के जरिए हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान

चंडीगढ़, 22 सितंबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पंचायती राज संस्थाओं जिला परिषदों और स्थानीय निकाय संस्थाओं नगर निगमों के प्रमुखों के साथ संवाद करते हुए स्वच्छता, सेवा और जनकल्याण की गतिविधियों का प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में संगठन की कार्ययोजना सामने रखी। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के दौरान स्पष्ट किया कि स्वच्छता किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जीवन की प्राथमिकता है। ऐसे में इसे जनभागीदारी के मॉडल बनाते हुए घर-घर पहुंच करते हुए जन-जन को जागरूक किया जाएगा।
मंगलवार शाम भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जिला परिषद चेयरमैन, नगर निगमों के मेयरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को समाज की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान से जोड़ना पार्टी की प्राथमिकता है। इसी सोच के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता मिशन को दलगत राजनीति से ऊपर उठाकर सामूहिक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाएगा। उन्होंने जिला परिषदों, नगर निगमों और स्थानीय निकायों के प्रमुखों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में पार्षदों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। हर वार्ड में सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और नागरिक भागीदारी का ऐसा मॉडल विकसित किया जाए, जिसे दूसरे वार्ड भी अपनाने के लिए प्रेरित हों। बेहतर कार्य करने वाले वार्डों को पुरस्कृत कर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम के रूप में देखने के बजाय इसे जनआंदोलन बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि समाज के साथ मिलकर स्वच्छता को व्यवहार परिवर्तन से जोड़ें। राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता संचालन नहीं, बल्कि समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी है।पर्यावरण संरक्षण को लेकर भाजपा आई हेट प्लास्टिक अभियान चलाएगी। अभियान के माध्यम से प्लास्टिक के कम उपयोग, रीयूज और रिसाइकिल को लेकर लोगों में जागरूकता पैदा की जाएगी। डॉ. गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण की चुनौती किसी एक सरकार या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।उन्होंने सेवा सेतु अभियान को सरकार की योजनाओं और पात्र लाभार्थियों के बीच प्रभावी कड़ी बनाने का आह्वान किया। खंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को मिलकर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। बैठक में डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा संगठन की ताकत को बूथ से लेकर स्थानीय निकाय और पंचायत स्तर तक जनसेवा से जोड़ना पार्टी की प्राथमिकता है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।








