ट्रेड डील और खेती के मुद्दों पर 3 अक्टूबर से गांवों में पंचायतें करेगी किसान सभा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फसल खरीद और पंजीकरण की बाधाएं दूर करने की मांग को लेकर एसडीएम से मिला शिष्टमंडल

बरवाला, 22 सितम्बर। अखिल भारतीय किसान सभा ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील सहित किसानों और मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 3 अक्टूबर से प्रदेशभर के गांवों में अभियान चलाने की घोषणा की है। अभियान के तहत गांवों में पंचायतें आयोजित की जाएंगी और इसके बाद ‘किसान बचाओ सम्मेलन’ किए जाएंगे।

किसान सभा की बरवाला और उकलाना तहसील इकाइयों की संयुक्त बैठक कर्मबीर जलंधरा तथा डॉ. मियां सिंह बिठमड़ा की अध्यक्षता में हुई। संचालन सचिव प्रदीप बूरा और सत्यवान रेढू ने किया। बैठक में किसान सभा के राज्य महासचिव सुमित दलाल, जिला सचिव सरबत सिंह पूनिया और जिला कोषाध्यक्ष दिनेश सिवाच विशेष रूप से उपस्थित रहे।

एसडीएम को बताईं किसानों की समस्याएं

बैठक के बाद किसान सभा के शिष्टमंडल ने उपमंडल अधिकारी से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने धान और अन्य फसलों की खरीद में किसानों को परेशान नहीं करने तथा खरीद व्यवस्था सुचारु रखने की मांग की। इसके साथ ही ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकरण से वंचित किसानों का पहले की तरह बिना शर्त तत्काल पंजीकरण करवाने की मांग उठाई गई।

जिला सचिव सरबत सिंह पूनिया ने कहा कि सरकार जल्द फसल खरीद शुरू कर धान तथा अन्य उपज की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करे। ऐसा नहीं होने पर किसान सभा मंडियों का दौरा कर आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगी।

बिजली विधेयक और स्मार्ट मीटर योजना का विरोध

राज्य महासचिव सुमित दलाल ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील, बिजली संशोधन विधेयक, स्मार्ट मीटर योजना, किसानों एवं मजदूरों की कर्जमुक्ति, बीमा कंपनियों की कथित मनमानी और बर्बाद फसलों के लंबित मुआवजे जैसे मुद्दों पर आंदोलन किया जाएगा। लखीमपुर खीरी की घटना की बरसी पर 3 अक्टूबर से गांव-गांव अभियान चलाकर पंचायतें की जाएंगी। इसके बाद किसान बचाओ सम्मेलन आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि किसान सभा 28 सितम्बर को शहीद भगत सिंह की जयंती भी व्यापक स्तर पर मनाएगी।

बैठक में किसान नेता ओमप्रकाश कुंडू, इंद्र सिंह धतरवाल, रमेश पूनिया कनोह, मास्टर बलराज सिंह बालक, सुरेश नम्बरदार, दलबीर बिठमड़ा, राममेहर फरीदपुर, सतबीर बलोदा, भिरा दौलतपुर, चंदगीराम, श्रवण कुमार, ओमप्रकाश खान बहादुर, जोगिंदर शर्मा, संदीप, सतपाल खैरी, पाला किनाला और इंद्र सिंह पाबड़ा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!