फैमिली आईडी में गलत आय, बीपीएल कार्ड कटा; जयहिंद बोले—डीसी दरबार तक क्यों पहुंचे जनता?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

50 गज के मकान का ₹1.65 लाख बिजली बिल : नवीन जयहिंद

नीचे के स्तर पर ही हो फैमिली आईडी जैसी समस्याओं का समाधान : जयहिंद

फैमिली आईडी में गलत आय बढ़ना केवल एक परिवार की समस्या नहीं : जयहिंद

जनता की समस्याओं को लेकर झज्जर जिले का पक्ष-विपक्ष हुआ गायब : जयहिंद

झज्जर, 22 सितंबर – जयहिंद सेना प्रमुख नवीन जयहिंद ने फैमिली आईडी में गलत आय दर्ज होने से गरीब परिवारों के बीपीएल कार्ड और पेंशन कटने के मामलों को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर हर छोटी समस्या के समाधान के लिए जनता को डीसी कार्यालय तक पहुंचना पड़े तो नीचे का सिस्टम आखिर किस काम का है।

अनुसूचित परिवार की समस्या लेकर डीसी कार्यालय पहुंचे जयहिंद

नवीन जयहिंद मंगलवार को बाभरोता गांव के एक अनुसूचित परिवार की समस्या लेकर झज्जर डीसी वर्षा खनगवाल के पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिवार की फैमिली आईडी में 3 लाख रुपये से अधिक की आय दर्ज कर दी गई, जबकि परिवार की वास्तविक आय इतनी नहीं है। गलत आय दर्ज होने के कारण परिवार का बीपीएल कार्ड कट गया और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी नहीं मिला । परिवार का बिजली बिल भी करीब 1.65 लाख रुपये बताया गया है जबकि परिवार 50 गज मकान में रहता है।

बड़ी संख्या में लोग उठा रहे फैमिली आईडी की शिकायतें : जयहिंद

जयहिंद ने कहा कि यह केवल एक परिवार की समस्या नहीं है। झज्जर जिले से बड़ी संख्या में लोग फैमिली आईडी में गलत आय दर्ज होने की शिकायतें लेकर उनके पास पहुंच रहे हैं। किसी की विधवा पेंशन कट रही है तो किसी की दिव्यांग पेंशन प्रभावित हो रही है। लोग अपने दस्तावेज और रिकॉर्ड ठीक करवाने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।

डीसी कार्यालय में समस्याओं को लेकर उमड़ी लोगों की भीड़ : जयहिंद

उन्होंने कहा कि वह करीब 10 मिनट डीसी कार्यालय में बैठे और इस दौरान ही 100 से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर वहां मौजूद दिखाई दिए। जयहिंद ने तंज कसते हुए कहा कि डीसी कार्यालय कोई पर्यटन स्थल नहीं है कि लोग घूमने आए हैं, लोग मजबूरी में अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं।

नीचे के स्तर पर तय हो अधिकारियों की जवाबदेही

जयहिंद ने कहा कि डीसी एक व्यक्ति हैं, पूरा सिस्टम नहीं। अगर हर शिकायत ऊपर तक पहुंचती रहेगी तो अधिकारी भी कितनी समस्याएं संभाल पाएंगे। जरूरत इस बात की है कि नीचे के स्तर पर ही शिकायतों का समाधान हो और काम नहीं करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।

फैमिली आईडी के लिए प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था की मांग

जयहिंद सेना प्रमुख नवीन जयहिंद ने मुख्यमंत्री और हरियाणा सरकार से फैमिली आईडी को लेकर प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिसकी जितनी वास्तविक आय है, वही फैमिली आईडी में दर्ज होनी चाहिए। पात्र व्यक्ति को उसका हक मिले और अपात्र व्यक्ति को नियमों के अनुसार सरकारी लाभ से बाहर किया जाए।

डीसी तक पहुंचने की मजबूरी पर जयहिंद ने उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि “समाधान” के नाम पर अगर जनता चक्कर ही काटती रहे और आखिर में समाधान के लिए डीसी के दरवाजे पर पहुंचना पड़े, तो सिस्टम के निचले स्तर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

पक्ष-विपक्ष के नेताओं से जनता की आवाज उठाने की अपील

जयहिंद ने झज्जर के पक्ष-विपक्ष के नेताओं से भी जनता की समस्याओं को गंभीरता से उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का काम लोगों की आवाज सरकार तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान करवाना भी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!