‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत सदर बाजार में हुआ विशेष आयोजन;
महापौर राज रानी मल्होत्रा ने नागरिकों, दुकानदारों और निगम टीम के साथ किया दीप प्रज्ज्वलन”

गुरुग्राम, 18 सितंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत सदर बाजार स्थित मल्टी लेवल पार्किंग में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम की महापौर राज रानी मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान 2,000 दीये प्रज्ज्वलित किए गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गई।
महापौर ने नागरिकों के साथ जलाए 2,000 दीये
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में महापौर राज रानी मल्होत्रा ने स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों एवं नगर निगम की टीम के साथ मिलकर करीब 2,000 दीप प्रज्ज्वलित किए। दीपों की रोशनी से सदर बाजार का वातावरण उत्सवमय हो गया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि दीपक भारतीय संस्कृति में प्रकाश, सकारात्मकता और मंगलकामना का प्रतीक है। ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामूहिक शुभकामना और सेवा की भावना को अभिव्यक्त करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक छोटा-सा दीपक अंधकार को दूर करने का संदेश देता है, उसी प्रकार समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सकारात्मक योगदान देश और समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
सेवा और नागरिक सहभागिता का संदेश

कार्यक्रम को ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान से जोड़ते हुए नागरिकों को सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने भाग लिया तथा सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर यह संदेश भी दिया गया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने में केवल सरकारी संस्थाओं की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
आशीष गुप्ता ने नागरिकों से सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान
पार्षद आशीष गुप्ता ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान लोगों को यह संदेश देता है कि समाज और शहर के विकास में प्रत्येक नागरिक की अपनी भूमिका है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने सदर बाजार के व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य किया है। गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े कार्यों में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
सेवा और स्वच्छता से जुड़ने का प्रभावी माध्यम : डॉ. आशीष सिंगला
नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त डॉ. आशीष सिंगला ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रम नागरिकों को सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।








