सेवा मेरा योगदान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वतंत्रता सेनानी हॉल में भव्य कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महापौर राज रानी मल्होत्रा ने स्वच्छता एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त गुरुग्राम का दिया संदेश, उप महापौर अनूप सिंह ने जन्मदिन पर पौधारोपण के लिए किया प्रेरित

गुरुग्राम, 17 सितंबर 2026। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा “सेवा मेरा योगदान” एवं “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत स्वतंत्रता सेनानी हॉल में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर निगम गुरुग्राम की महापौर राज रानी मल्होत्रा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर निगम गुरुग्राम के उप महापौर अनूप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा तिलक राज मल्होत्रा, अतिरिक्त आयुक्त डॉ. जयवीर यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार एवं रविंदर मलिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य शहरवासियों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को स्वच्छता से जोड़ते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ गुरुग्राम के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, वार्ड कमेटी सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महापौर राज रानी मल्होत्रा ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का किया आह्वान

मुख्य अतिथि महापौर राज रानी मल्होत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ गुरुग्राम का निर्माण केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं लोगों से आह्वान किया कि वे अपने घर, विद्यालय, कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता की शुरुआत घर से होती है। यदि प्रत्येक परिवार अपने घर का कचरा अलग-अलग करके निर्धारित स्थान पर डाले और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने का संकल्प ले, तो शहर को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के सबसे प्रभावी माध्यम हैं। वे स्वयं स्वच्छता अपनाएं और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

महापौर ने सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण, जल निकायों एवं शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए चुनौती है। उन्होंने नागरिकों से कपड़े के थैले एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “सेवा मेरा योगदान” अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर छोटा-सा योगदान देकर गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उप महापौर अनूप सिंह ने जन्मदिन पर पौधारोपण करने का दिया संदेश

विशिष्ट अतिथि उप महापौर अनूप सिंह ने अपने संबोधन में उपस्थित विद्यार्थियों एवं लोगों को पर्यावरण संरक्षण तथा पौधारोपण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन एवं अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली एवं बेहतर जीवन का उपहार है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे, तो शहर में हरियाली को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने विद्यालयों एवं घरों में पौधारोपण करें और लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।

उप महापौर ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को एक-दूसरे से जुड़ा हुआ बताते हुए कहा कि स्वच्छ शहर और हरा-भरा शहर ही स्वस्थ समाज की पहचान है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

स्वच्छता की शपथ लेकर कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों ने गुरुग्राम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की शपथ ली। नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने मंच का सफल संचालन किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर निगम गुरुग्राम के पार्षद कुलदीप यादव, महावीर यादव, ज्योति जैलदार, विक्रमजीत सिंह, पवन सैनी, प्रदीप पदम, आशीष गुप्ता, सुनीता वर्मा, दिनेश दहिया, पार्षद प्रतिनिधि विपिन यादव एवं अशोक देवतवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम में वार्ड कमेटी सदस्यों, डीपीजी एवं आईटीएम कॉलेज, सेक्टर-34, राजकीय माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-14, यूनाइटेड वे ऑफ दिल्ली एवं अस्मी संस्था के विद्यार्थियों तथा स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!