*युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र की शक्ति बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खोले अवसरों के नए द्वार-मुख्यमंत्री*
*नशे को ‘ना’ और अपने सपनों को ‘हां’ कहें युवा, नशे की जगह खेल और भटकाव की जगह लक्ष्य हो-मुख्यमंत्री*
*युवा शक्ति विकसित भारत-2047 की सबसे बड़ी ताकत, -मुख्यमंत्री*
*अंबाला में ‘नशा-मुक्त हरियाणा नमो मैराथन’ को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिखाई हरी झंडी, स्वयं भी मैराथन में हुए शामिल*
*नमो हरियाणा का यही अरमान, नशा-मुक्त रहे हर इंसान-मुख्यमंत्री*

चंडीगढ़, 17 सितंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र की शक्ति बनाने के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं। खेलो इंडिया ने खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, फिट इंडिया ने स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया, स्किल इंडिया ने हुनर को अवसर से जोड़ा और स्टार्टअप इंडिया ने युवाओं में उद्यमिता की नई ऊर्जा पैदा की। इसी प्रकार, मुद्रा योजना और स्टैंड-अप इंडिया ने युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता के रास्ते खोले हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को अंबाला शहर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के तहत आयोजित ‘नशा-मुक्त हरियाणा नमो मैराथन’ में बतौर मुख्य अतिथि हजारों की संख्या में उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन बहुत खास है। आज युवाओं के प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। उन्होंने हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए परमात्मा से उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प को और अधिक शक्ति प्रदान करने की कामना की।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा को नमन करते हुए कहा कि वे सेवा और संकल्प की नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इन वर्षों का उनका सार्वजनिक जीवन हमें एक ही संदेश देता है—पद नहीं, सेवा बड़ी है; सत्ता नहीं, संकल्प बड़ा है और स्वयं से पहले राष्ट्र है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी सेवा और संकल्प की भावना के साथ अंबाला की धरती से ‘नशा-मुक्त हरियाणा नमो मैराथन’ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने मैराथन में भाग लेने वाले हर युवा, खिलाड़ी, विद्यार्थी, बेटी, अभिभावक, स्वयंसेवक के साथ-साथ अन्य सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए कहा, **“नमो हरियाणा का यही अरमान, नशा-मुक्त रहे हर इंसान।”
*नशा कुछ समय के लिए ‘हाई’ दे सकता है, लेकिन पूरी जिंदगी को ‘लो’ कर देता है*
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा का अर्थ केवल किसी की मदद करना नहीं है, बल्कि समाज की किसी बड़ी चुनौती को अपना संकल्प बना लेना भी सेवा है। आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई है। नशा किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि नशा स्वयं एक बड़ी समस्या है। नशा कुछ समय के लिए ‘हाई’ दे सकता है, लेकिन पूरी जिंदगी को ‘लो’ कर देता है। कुछ पलों का नशा पूरी जिंदगी के सपनों पर भारी पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि नशा पहले शरीर को कमजोर करता है, फिर आत्मविश्वास को तोड़ता है, सपनों को छीनता है, परिवार की खुशियां बर्बाद करता है और धीरे-धीरे पूरे समाज को खोखला करता है। इसलिए आज अंबाला की सड़कों पर दौड़ता हुआ हर कदम केवल एक दूरी तय नहीं कर रहा, बल्कि हर कदम नशे से दूरी और जीवन से जुड़ने का संदेश दे रहा है।
*अपने माता-पिता के सपनों को टूटने न दें युवा*
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशे को ‘ना’ कहिए, गलत संगत को ‘ना’ कहिए और अपने सपनों को ‘हां’ कहिए। आप अपने माता-पिता की उम्मीद हैं, अपने परिवार का गौरव हैं और भारत के भविष्य की शक्ति हैं। आपके माता-पिता ने आपके लिए अनगिनत सपने संजोए हैं और आपके भविष्य के लिए न जाने कितने त्याग किए हैं। आपकी एक सफलता पूरे परिवार को गर्व से भर देती है। इसलिए किसी भी क्षणिक दबाव, दिखावे या गलत मित्रता के कारण अपने माता-पिता के सपनों को टूटने न दें। आपका जीवन अनमोल है, आपका भविष्य अनमोल है और आपके सपने अनमोल हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल नशे को रोकना नहीं है, बल्कि युवाओं को ऐसा जीवन देना है, जिसमें नशे की जगह खेल हो, निराशा की जगह अवसर हो, गलत संगत की जगह अच्छे संस्कार हों और भटकाव की जगह लक्ष्य हो।
*हरियाणवी युवा नशे से नहीं, अपने हौसलों से पहचाना जाएगा*
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत-2047 की सबसे बड़ी ताकत है। हम अपने युवाओं की ऊर्जा को नशे में बर्बाद नहीं होने दे सकते। उनके हाथों में नशे की पुड़िया नहीं, बल्कि खेल का सामान और कौशल का औजार होना चाहिए। आज की यह मैराथन केवल दौड़ नहीं है, यह जागरूकता की दौड़ है, जिम्मेदारी की दौड़ है और संकल्प की दौड़ है। अंबाला आज पूरे हरियाणा को यह संदेश दे रहा है कि हमारा हरियाणवी युवा नशे से नहीं, अपने हौसलों से पहचाना जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर सभी को विश्वकर्मा दिवस की बधाई भी दी। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा, “दौड़ो सपनों के लिए, दौड़ो सफलता के लिए, दौड़ो नशा-मुक्त हरियाणा के लिए। हरियाणा जीतेगा, नशा हारेगा।” उन्होंने नमो मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों के साथ-साथ जिला प्रशासन को भी मैराथन के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने ‘नशा-मुक्त हरियाणा नमो मैराथन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी मैराथन में शामिल होकर युवाओं को स्वस्थ एवं फिट रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलवाई।
प्रसिद्ध कलाकार अमित सैनी रोहतकिया ने अपने गीतों के माध्यम से युवाओं में जोश भरने का काम किया। जिला प्रशासन की ओर से मैराथन में शामिल प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र देकर प्रोत्साहित भी किया गया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल नन्यौला, मेयर श्रीमती अक्षिता सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री मनदीप राणा, मंडलायुक्त श्री संजीव वर्मा, आईजी अंबाला रेंज श्री पंकज नैन, उपायुक्त श्री सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








