सेक्टर-4 सामुदायिक भवन में गीत, कविता और भजनों की प्रस्तुति देंगे सदस्य
गुरुग्राम। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम शाखा की ओर से शनिवार, 12 सितंबर को प्रातः 11 बजे सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें क्लब के सदस्य गीत, कविता और भजन प्रस्तुत करने के साथ अपने विचार भी साझा करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संस्था की कोर कमेटी की बैठक आईडीसी-72 स्थित कार्यालय में प्रधान एवं फोरवा के चेयरमैन धर्मसागर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। गायक हरीश ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की कार्ययोजना साझा की।
धर्मसागर और मंच संयोजक डीएन कवातरा ने बताया कि क्लब प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को सदस्यों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करता है। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ उनके बीच आपसी मेलजोल और सक्रियता बढ़ाना है।
बैठक में अमर शहीद लाला जगत नारायण की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। धर्मसागर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की चेयरपर्सन एवं पंजाब केसरी की निदेशक किरण चोपड़ा के मार्गदर्शन में बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इनमें बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
डीएन कवातरा ने सभी सदस्यों से शनिवार को समय पर पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की। बैठक में ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य रमेश वशिष्ठ, एसके गाबा तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।








