हरियाणा राज्य प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड के अधिकारियों की औद्योगिक संगठनों के साथ पर्यावरणीय नियमों को लेकर बैठक आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बैठक में पर्यावरणीय नियमों की अनुपालना को लेकर बोर्ड और औद्योगिक संगठनों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर

गुरुग्राम, 10 सितंबर। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के गुरुग्राम नॉर्थ एवं गुरुग्राम साउथ के औद्योगिक संगठनों के साथ आज सेक्टर-8, आईएमटी मानेसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एचएसपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी, गुरुग्राम साउथ श्री मुकुल कथूरिया ने की। बैठक गुरुग्राम साउथ एवं गुरुग्राम नॉर्थ के सभी फील्ड अधिकारी तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुकुल कथूरिया ने बताया कि बैठक का उद्देश्य एचएसपीसीबी और औद्योगिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद एवं सहयोग स्थापित करना तथा पर्यावरणीय अनुपालना से जुड़े विषयों पर प्रभावी समन्वय को बढ़ावा देना रहा।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने बैठक में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) तथा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। बैठक में ईआरपी-III के क्रियान्वयन, एयर पॉल्यूशन कंट्रोल डिवाइसेज (एपीसीडी) के अपग्रेडेशन, डीजल जनरेटर (डीजी) सेट से संबंधित मानकों, वेब कैमरों की स्थापना, लो-कॉस्ट सेंसर की तैनाती तथा निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) गतिविधियों से उत्पन्न धूल के प्रभावी नियंत्रण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने संचालन एवं पर्यावरणीय अनुपालना से संबंधित विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव बैठक में रखे। अधिकारियों द्वारा इन विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित पर्यावरणीय नियमों, निर्धारित समय-सीमा तथा प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

सीएक्यूएम के आईईसी कार्यक्रम के तहत सेमिनार व कार्यशाला में बतलाई उपयोगी जानकारी

बैठक के उपरांत एचएसपीसीबी द्वारा सीएक्यूएम के सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) ढांचे के तहत सेमिनार एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें औद्योगिक प्रतिनिधियों को प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के विभिन्न उपायों, डीजी सेट मानकों, एपीसीडी की कार्यक्षमता, ऑनलाइन मॉनिटरिंग से संबंधित आवश्यकताओं तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए जारी नवीनतम दिशा-निर्देशों के बारे में जागरूक किया गया।

प्रतिनिधियों को सी एंड डी साइट्स पर धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय अपनाने, प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने, मॉनिटरिंग उपकरणों की स्थापना एवं उनके सुचारू संचालन तथा अनुपालना से संबंधित जानकारी समय पर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के महत्व से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी औद्योगिक इकाइयों एवं औद्योगिक संगठनों से पर्यावरणीय नियमों की अनुपालना के प्रति सक्रिय एवं जिम्मेदार दृष्टिकोण अपनाने तथा नियामक एजेंसियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की गई। इस पहल के माध्यम से गुरुग्राम एवं एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने तथा वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए एचएसपीसीबी और औद्योगिक क्षेत्र की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया गया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!