बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करे कांग्रेस : राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धान खरीद 15 सितंबर से शुरू करने और 500 रुपये बोनस देने की मांग

कुमारी सैलजा बोलीं—राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी तत्काल रद्द हो

चंडीगढ़/यमुनानगर, 9 सितंबर। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा ने बुधवार को यमुनानगर जिले के खेड़ी लक्खा सिंह में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में भाग लिया। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए किसानों, सफाई कर्मचारियों तथा दलित सम्मान से जुड़े मुद्दों पर प्रदेश सरकार को घेरा।

सम्मेलन की अध्यक्षता यमुनानगर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर ने की, जबकि आयोजन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परमजीत धीमान ने किया।

धान खरीद में नमी की सीमा 22 प्रतिशत हो

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की जड़ें गांव-गांव और बूथ-बूथ तक मजबूत होनी चाहिए। कार्यकर्ता आम जनता के बीच जाकर उसकी समस्याएं उठाएं और सरकार की जनविरोधी नीतियों का खुलकर विरोध करें।

उन्होंने सरकार से धान की सरकारी खरीद 15 सितंबर से शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कम बारिश के कारण इस वर्ष किसानों की लागत लगभग डेढ़ गुना बढ़ गई है, इसलिए सरकार किसानों को प्रति क्विंटल 500 रुपये बोनस दे।

उन्होंने मंडियों की सफाई कराने, शेड खाली करवाने तथा धान खरीद के लिए निर्धारित नमी की सीमा 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 22 प्रतिशत करने की मांग भी रखी। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि धान की कटाई के बाद गेहूं की बुआई शुरू हो जाएगी। इसलिए किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद और गेहूं का बीज समय पर उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

कर्मचारियों को डराने के बजाय बातचीत करे सरकार

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर सरकारी कार्रवाई की निंदा करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पक्की नौकरी और सुरक्षित भविष्य की मांग को लेकर कर्मचारी एक महीने से अधिक समय से आंदोलन कर रहे हैं। सरकार उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर उन्हें डराने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 36 कच्चे कर्मचारियों को बर्खास्त किया, छह नियमित कर्मचारियों को निलंबित किया, 19 कर्मचारियों को गिरफ्तार कराया तथा 455 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। महिला कर्मचारियों के विरुद्ध भी पुलिस कार्रवाई की गई है।

उन्होंने सरकार से अहंकार छोड़कर आंदोलनरत कर्मचारियों से बातचीत करने और उनकी मांगों का सम्मानजनक समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि न्याय की इस लड़ाई में कांग्रेस सफाई कर्मचारियों के साथ खड़ी रहेगी।

‘शुद्धिकरण’ मामले में कार्रवाई में देरी क्यों : सैलजा

कुमारी सैलजा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित रूप से किए गए ‘शुद्धिकरण’ का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के लगातार संघर्ष के बाद आखिरकार भाजपा सरकार को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करनी पड़ी, लेकिन कार्रवाई करने में एक महीने से अधिक समय क्यों लगाया गया?

उन्होंने कहा कि जिस मुद्दे पर राहुल गांधी ने आवाज उठाई, उसी मामले में उनकी आवाज दबाने के लिए उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर दी गई। मंगलवार को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने देहरादून में मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर स्पष्ट कर दिया था कि दलित समाज के अपमान पर सरकार की चुप्पी स्वीकार नहीं की जाएगी।

सैलजा ने कहा कि जब सरकार ने स्वयं ‘शुद्धिकरण’ मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है तो राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी का आधार समाप्त हो गया है। उसे तत्काल रद्द किया जाए तथा कथित ‘शुद्धिकरण’ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कथित दलित-विरोधी सोच के खिलाफ पूरी ताकत से संघर्ष करेगी। दलित सम्मान, सामाजिक न्याय और संविधान के मूल्यों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

ये नेता रहे उपस्थित

सम्मेलन में विधायक चंद्रमोहन, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, यमुनानगर शहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, हरियाणा महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सुधा भारद्वाज, रचनात्मक कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख सुरेश रोड, सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख मोनिका डुमरा, अंबाला कैंट जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर परी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम सुंदर बत्रा, निर्मल चौहान, सुरेश ढांडा, सतपाल कौशिक, राय सिंह गुर्जर, संदीप कुमार साढ़ौरा और राजपाल खरकली सहित विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!