मनीराम शर्मा गुरुग्राम मंडलायुक्त, मुकुल कुमार को गुरुग्राम मेट्रो की जिम्मेदारी
चंडीगढ़, 8 सितंबर। हरियाणा सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 16 आईएएस और 10 एचसीएस अधिकारियों के नियुक्ति एवं तबादला आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
आईएएस अधिकारी मनीराम शर्मा को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग का सचिव तथा गुरुग्राम मंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया है। आईएएस मुकुल कुमार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का मुख्य प्रशासक, गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड का प्रबंध निदेशक, हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक और आतिथ्य विभाग का निदेशक बनाया गया है।
जगदीप सिंह, एचसीएस को एस्टेट ऑफिसर-दो, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, गुरुग्राम और भूमि अधिग्रहण अधिकारी, गुरुग्राम लगाया गया है। संदीप अग्रवाल को अतिरिक्त निदेशक प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा एस्टेट ऑफिसर-द्वितीय, एचएसवीपी गुरुग्राम और राकेश सैनी को एस्टेट ऑफिसर-प्रथम, एचएसवीपी गुरुग्राम एवं भूमि अधिग्रहण अधिकारी गुरुग्राम नियुक्त किया गया है।
इन आईएएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
राजीव रंजन को मत्स्य विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। अमनीत पी. कुमार को पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। उन्हें भविष्य में सरकारी सुधार एवं कार्मिक विभाग के प्रधान सचिव तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है।
शेखर विद्यार्थी को हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। जे. गणेशन को नागरिक संसाधन सूचना विभाग का आयुक्त एवं सचिव और हाउसिंग फॉर ऑल का महानिदेशक एवं सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें हरियाणा एआई विकास परियोजना के एसपीवी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित कई अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
अशोक कुमार मीणा को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का आयुक्त एवं सचिव, महानिदेशक और विदेश सहयोग विभाग का आयुक्त एवं सचिव नियुक्त किया गया है। चंद्रशेखर खरे को हैफेड का प्रबंध निदेशक, हाउसिंग फॉर ऑल का महानिदेशक तथा आवास विभाग का सचिव बनाया गया है।
शरणदीप कौर बराड़ को शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा की महानिदेशक, नागरिक संसाधन सूचना विभाग की सचिव, राज्य शहरी आजीविका मिशन की मिशन निदेशक और राज्य शहरी विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
राजनारायण कौशिक को हारट्रोन और हरियाणा राज्य भंडारण निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। अमित खत्री को पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग का महानिदेशक, विरासत एवं पर्यटन विभाग का विशेष सचिव और हरियाणा पर्यटन निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
विनय प्रताप सिंह को ट्रेड फेयर अथॉरिटी हरियाणा का प्रशासक तथा हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम और हरियाणा वित्तीय निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
सुशील सारवान को विकास एवं पंचायत विभाग का निदेशक एवं विशेष सचिव तथा हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। पार्थ गुप्ता को खेल विभाग का निदेशक एवं विशेष सचिव तथा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग का महानिदेशक एवं सचिव बनाया गया है।
अनीश यादव को आबकारी एवं कराधान आयुक्त एवं विशेष सचिव के साथ वित्त विभाग का विशेष सचिव तथा हरियाणा अंतरराष्ट्रीय बागवानी विपणन निगम गुरुग्राम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। विवेक पदम सिंह को नियंत्रक, मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग तथा विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
एचसीएस अधिकारियों के भी बदले दायित्व
एचसीएस अधिकारी योगेश कुमार मेहता को हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड का सचिव और राज्य खाद्य आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। निशु नेहरा नम्रता सिंगल को परिवहन आयुक्त कार्यालय में अतिरिक्त निदेशक प्रशासन तथा राज्य परियोजना निदेशक, हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
विराट को मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग में विशेष कार्याधिकारी और सहायक नियंत्रक नियुक्त किया गया है। अनुपमा मलिक को एस्टेट ऑफिसर-प्रथम, एचएसवीपी गुरुग्राम, सुरेश रावत को संयुक्त परिवहन आयुक्त तथा नवीन शर्मा को राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण का सचिव और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है।
मयंक वर्मा को आयुष्मान भारत-हरियाणा स्वास्थ्य संरक्षण प्राधिकरण का संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रीति यादव को मुख्य प्रशासक, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के संयुक्त सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।








